Sea Plane: अब सी प्लेन उतरेंगे MP के 4 बड़े जलाशयों में, सरकार तैयार कर रही प्लान

आधा दर्जन से अधिक जलाशय चिन्हित

825

Sea Plane: अब सी प्लेन उतरेंगे MP के 4 बड़े जलाशयों में, सरकार तैयार कर रही प्लान

भोपाल. प्रदेश में 4 बड़े जलाशयों और तालाबों में राज्य सरकार जल्द ही सी- प्लेन सेवा शुरू करेगी। इसके लिए आधा दर्जन से अधिक जलाशयों को अब तक चिन्हित किया गया है जिसमें शुरूआती दौर में 4 स्थानों पर सी-प्लेन शुरू किए जाएंगे। इसके जरिये खास तौर पर पर्यटन क्षेत्र से लोगों को जोड़ा जाएगा। देश में अब तक गुजरात में साबरमती के रिवरफ्रंट से केवड़िया तक सी-प्लेन सेवा शुरू हो चुकी है।

राज्य सरकार ने सी-प्लेन को आगामी कार्ययोजना में शामिल किया है और अगले वित्त वर्ष से इसकी शुरूआत की जाएगी जिसके लिए राज्य नीति आयोग के अफसरों की टीम सरकार के आगामी बजट की खूबियों की जानकारी देने के साथ सी-प्लेन की संभावना वाले जलाशयों की भी जानकारी जुटा रही है। राज्य नीति आयोग के सदस्य सचिव राज्य योजना आयोग के सचिव स्वतंत्र कुमार सिंह बताते हैं कि प्रदेश में 4 स्थानों पर सी-प्लेन सेवा शुरू की जाने पर काम हो रहा है। इसके लिए रीवा के गोविंदगढ़ तालाब पर भी खासतौर पर विचार हो रहा है।

इन स्थानों को अब तक लिया प्रस्ताव में

अब तक जिन जलाशयों और तालाबों को सी-प्लेन के लिए चिन्हित किया गया है उसमें खंडवा का हनुवंतिया जलाशय, नर्मदापुरम तवा बांध, ग्वालियर का तिघरा बांध, जबलपुर का बरगी बांध, सीहोर का कोलार बांध, रीवा का गोविंदगढ़ तालाब, मंदसौर का गांधी सागर बांध और शहडोल जिले का बाणसागर बांध शामिल हैं। इनमें से किसी चार जलाशय या तालाब को सी-प्लेन सेवा के लिए सबसे पहले चिन्हित कर वहां पर्यटन की संभावनाओं के आधार पर यह सेवा शुरू की जाएगी।

सी -प्लेन में यह सुविधा और खासियत

सी-प्लेन जमीन और पानी दोनों जगहों से उड़ान भर सकता है और दोनों ही जगह इसे लैंड किया जा सकता है। यह प्लेन सिर्फ 300 मीटर लंबे रनवे से ही उड़ान भर सकता है। यह नदी और तालाबों से भी उड़ान भरने में सक्षम है। इसके लिए सिर्फ फ्लोटिंग जेट्टी की जरूरत होती है। इस प्लेन में एक बार में पायलेट सहित 19 यात्री सफर कर सकते हैं। इसकी अधिकतम स्पीड 339 किमी प्रति घंटा है, जबकि इस प्लेन की लंबाई 15 फीट 3 इंच होती है और वजन 1710 किलो होता है। प्लेन को एक घंटे की उड़ान के लिए सिर्फ 272 लीटर पेट्रोल की आवश्यकता होती है। सी-प्लेन से 200 किमी की दूरी 45 मिनट में पूरी हो जाएगी और किराया 1500 रुपए के करीब होगा।