Shabd Samagam : धार जिला पत्रकार संघ के आयोजन ‘शब्द समागम’ में मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया!

वरिष्ठ पत्रकार अशोक वानखेड़े ने कहा 'लोकतंत्र के लिए पत्रकारिता का जिंदा रहना जरूरी!' ‘धार की धड़कन’ स्मारिका का विमोचन, 800 से अधिक पत्रकारों को 'बीमा पॉलिसी’ वितरित!

301

Shabd Samagam : धार जिला पत्रकार संघ के आयोजन ‘शब्द समागम’ में मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया!

Dhar : पत्रकारिता पर हमेशा से ही संकट रहा है, लेकिन यह इस पेशे की नियती है। क्योंकि, यह राह उन्होंने स्वयं चुनी है। कभी कभी ऐसा वक्त आता है जब ऐसा ही कठिन रास्ता चुनना पड़ता है। पत्रकारों को सत्य और सिद्धांत पर अडिग रहना चाहिए। सत्य प्रस्तुति के लिए है, स्तुति के लिए नहीं। पत्रकारों के लिए जरूरी है वह संघर्ष करे, पर उसके लिए अपनी जमीन न छोड़े। इस समय पत्रकारों के लिए सामाजिक सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है। धार जिला पत्रकार संघ ने इस आवश्यकता को समझा है। यह बात बुधवार को धार जिला पत्रकार संघ के शब्द समागम में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कही।

प्रहलाद पटेल ने कहा कि विश्वास का संकट हर कहीं है, राजनीति में सबसे ज्यादा। उन्होंने पत्रकारों से अपील की, कि वे आडम्बर छोडे, आवश्यकता सीमित हो, तो व्यक्ति अपने सिद्धांतों पर अडिग रह सकता है। आडम्बर के कारण हम संकट में घिरते है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकार अपने परिवार की सुरक्षा पर ध्यान दें। राजनीति के समान पत्रकारिता भी सेवा के लिए है व्यापार के लिए। मैंने अपने गुरू का आदेश मानकर राजनीति को सेवा ही समझा है। उन्होंने अशोक वानखेडे के तीखे हमलों का जवाब देते हुए कहा कि 2014 के पहले तो राजनेताओं पर कोई विश्वास ही नहीं करता था। कुछ बातों का जवाब समय देता है और कुछ का इतिहास।

IMG 20250716 WA0094

पत्रकार शब्दों से खेले पर संभलकर

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता देश के वरिष्ठ पत्रकार अशोक वानखेडे ने कहा कि पत्रकार शब्दों से खेले पर संभलकर। पत्रकार और पत्रकारिता गहरे संकट में हैं। क्योंकि, पत्रकारिता के लिए जरूरी संविधान खुद संकट में है। संविधान को बचाना है, तो पत्रकारिता को जिंदा रखना पडेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार हमेशा विपक्ष का साथी रहा है और जो ये नहीं करते वे हमेशा चापलूसी में ही उलझे रहते हैं।

IMG 20250716 WA0095

मुख्य वक्ता वानखेडे ने कहा कि पत्रकारिता सही मायने में ग्रामीण क्षेत्र में ही जिंदा है। शहर की पत्रकारिता केवल औपचारिकता रह गई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकार केवल प्रामाणिक खबरे ही दें और लगातार रिसर्च करे। रिसर्च कभी बेकार नहीं जाती। हमारे लिए सबसे बडा रिवॉर्ड आम लोगों द्वारा दिए जाने वाला सम्मान है। सरकार से कोई अपेक्षा नहीं रखें। वैसे भी पत्रकार विपक्ष का मित्र होता है। पत्रकारिता में ह्यूमन टच जरूरी है। मंत्री पटेल से अपने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वे राजनीति में दुर्लभ व्यक्तित्व है।

IMG 20250716 WA0093

देश में 11 साल में काफी विकास हुआ

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 11 साल में काफी विकास हुआ है। धार जिला भी इसमें शामिल है। धार जिले के पत्रकार काफी सजग है। उन्होंने छोटू शास्त्री को कार्यक्रम के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार हेमंत पाल विशिष्ठ अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

पत्रकारों के लिए हाउसिंग स्कीम बनाएं

कलेक्टर प्रियंक मिश्र ने धार जिला पत्रकार संघ को सुझाव दिया कि वह पत्रकारों अर्फोडेबल हाउसिंग स्कीम बनाएं, वे इसमें मदद करने के लिए तैयार है। पत्रकार जन समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते है यह अनुकरणीय काम है।

एसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि छोटे अखबार भी प्रशासन में बड़ा सुधार कर सकते है। उन्होंने एक छोटे अखबार की खबर की आधार पर जिले में पुलिसकर्मियों के तबादले किए। इसके बाद पूरे प्रदेश में पुलिसकर्मियों के तबादले हुए जिसके अच्छे परिणाम भी रहे। विधायक नीना वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, भाजपा के प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल व कांग्रेस के प्रदेश सचिव हरदेवसिंह जाट ने भी अपने विचार रखे।

धार जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष छोटू शास्त्री ने कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए कहा कि शब्द समागम 10 साल से निरंतर आयोजित हो रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान हम पत्रकार साथियों की चिंता करते है। उनके लिए 2 लाख रूपए की बीमा पॉलिसी देने का काम शुरू किया था, जिसकी राशि अब 10 लाख रूपए हो गई। इस वर्ष 800 पत्रकारों को यह बीमा पॉलिसी भेट कर रहे है।

स्मारिका ‘धार की धडकन’ का विमोचन

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की। वरिष्ठ पत्रकार स्व राजेन्द्र माथुर, स्व कृष्णलाल शर्मा और स्व अरविंद के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर ‘शब्द समागम’ 2025 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत धार जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष प छोटू शास्त्री एवं महासचिव प्रदीप अगाल सहित उपस्थित पत्रकारों ने किया।

इस अवसर पर वार्षिक स्मारिका ‘धार की धडकन’ का विमोचन किया गया और जिले के 800 पत्रकारों को 10-10 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण शर्मा एवं धार जिला पत्रकार संघ के महासचिव प्रदीप अगाल ने किया। आभार जिला पत्रकार संघ के संरक्षक पुष्पा शर्मा ने माना। अतिथि मंत्री ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ कार्यक्रम के अंत में मंत्री प्रहलाद पटेल ने उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।