
महाराष्ट्र में बदलते सत्ता समीकरण, सुनेत्रा पवार की दिल्ली मुलाकात के बाद पार्थ पवार की राज्यसभा एंट्री के संकेत
नई दिल्ली: महाराष्ट्र की राजनीति में नए सत्ता समीकरणों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। दिग्गज नेता अजित पवार के दुखद निधन के बाद उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहीं सुनेत्रा पवार ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
इस अहम मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि पवार परिवार की तीसरी पीढ़ी अब राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखने जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पार्थ पवार को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी लगभग अंतिम चरण में है। दिल्ली दौरे को इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के अंदरूनी संकेत स्पष्ट हैं कि नेतृत्व परिवर्तन के बाद पवार परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम तेज हो गया है।

अजित पवार के निधन के बाद राज्य की राजनीति में जो शून्य पैदा हुआ, उसे भरने के लिए संगठन और सहयोगी दलों के बीच लगातार मंथन चल रहा है। सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री पद संभालना और तत्पश्चात शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात इस बात का संकेत है कि राज्य और केंद्र के बीच तालमेल को नई दिशा देने की कोशिश हो रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्थ पवार राज्यसभा पहुंचते हैं तो यह पवार परिवार की तीसरी पीढ़ी की औपचारिक एंट्री होगी और महाराष्ट्र की राजनीति में नए शक्ति संतुलन की शुरुआत भी। आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से औपचारिक घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल, महाराष्ट्र की राजनीति में इस संभावित बदलाव को लेकर उत्सुकता और अटकलों का दौर जारी है।





