Shobhraj Will Released : नेपाल सरकार आखिर क्यों रिहा कर रही चार्ल्स शोभराज को!     

भेष बदलने और जेल तोड़ने में माहिर, 20 हत्याओं का आरोपी है ये अंतर्राष्ट्रीय ठग    

501

Shobhraj Will Released : नेपाल सरकार आखिर क्यों रिहा कर रही चार्ल्स शोभराज को!     

Kathmandu (Nepal) : अब तक माना गया दुनिया का सबसे ज्यादा कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज को नेपाल सरकार जेल से रिहा कर रही है। उसे 20 साल की सजा दी गई थी, जिसमें वो 17 साल पूरे कर चुका है। अपने अच्छे आचरण के आधार पर उसने रिहाई की सिफारिश की है।  हतचंद भाओनानी गुरुमुख चार्ल्स शोभराज पर 20 से अधिक हत्याओं का आरोप है। वो वेश बदलने और जेल से फरार होने में माहिर है। कई फिल्में और किताबों के बाद भी जिसके आपराधिक किस्से दुनियाभर में सुने-सुनाए जाते हैं। वह कुख्यात सीरियल किलर अब लंबी सजा काटने के बाद नेपाल की जेल से बाहर आने वाला है।      चार्ल्स शोभराज की रिहाई नेपाल के उस कानून पर आधारित है, जिसके मुताबिक अगर कैदी ने अपनी सजा की 75 फीसदी अवधि जेल में पूरी कर ली और कैद में उसका आचरण अच्छा रहा है तो उसे रिहा किया जा सकता है। शोभराज ने अपनी याचिका में दावा किया कि वह नेपाल के वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली ‘छूट’ के अनुरूप अपनी जेल की सजा पूरी कर चुका है। उसने दावा किया कि वह 20 में से 17 साल की सजा पूरी कर चुका है और अपने ‘अच्छे आचरण’ के आधार पर उसने रिहाई की सिफारिश की है।

शोभराज के वकील राम बंधु शर्मा ने कहा ‘वह अपनी 95 फीसदी सजा पहले ही पूरी कर चुका है। उम्र के कारण उसे पहले ही रिहा किया जाना चाहिए।’ आज गुरुवार को शोभराज जेल से रिहा किए जाने की चर्चा है। अगस्त 2003 में शोभराज को काठमांडू के एक कैसिनो में देखे जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। हत्या के आरोप में मुकदमा चलाए जाने के बाद उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। शोभराज कई विदेशी पर्यटकों की हत्या में शामिल था, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। उसके कई शिकार बिकिनी पहनी महिलाएं थीं इसलिए उसे ‘बिकिनी किलर’ के नाम से भी जाना जाता है।

फिल्मी अंदाज में जेल से फरार

शोभराज भारत में 21 साल जेल की सजा काट चुका है। 1971 में वह बीमारी का बहाना करके जेल से अस्पताल गया और वहां से फरार हो गया। 1976 में उसे दोबारा गिरफ्तार किया गया। लेकिन, 1986 में वह एक बार फिर ‘फिल्मी अंदाज’ में जेल से भाग गया। साल 1986 में शोभराज ने जेल में बर्थडे पार्टी रखी और गार्ड्स को अंगूर और बिस्किट बांटे गए जिसमें नींद की दवा मिली हुई थी। कुछ ही देर में सभी बेहोश हो गए और शोभराज अपने साथियों के साथ जेल से भागने में कामयाब हो गया।

जानबूझकर हुआ था फरार?

शोभराज कई भाषाएं बोलने और वेश बदलने में माहिर था। माना जाता है कि 1970 के दशक में उसने 15 से 20 लोगों को मारा। उसके ज्यादातर शिकार एशिया में पश्चिमी पर्यटक थे। थाईलैंड ने 6 महिलाओं को ड्रग्स देने और उनकी हत्या करने के आरोप में 70 के दशक के मध्य में शोभराज के खिलाफ वारंट जारी किया था। पटाया बीच पर मारी गई इन सभी लड़कियों ने बिकिनी पहन रखी थी। माना जाता है कि थाईलैंड में उन पर आरोप लगभग तय थे और उन्हें मौत की सजा सुनाई जा सकती थी। इससे बचने के लिए ही वह 1986 में जानबूझकर तिहाड़ से भागे थे ताकि उन पर जेल से फरार होने के लिए अभियोग चलाया जाए।