ह्रदयप्रदेश में पेगासस छोड़ क्षीरसागर जा रहे श्री हरि…

ह्रदयप्रदेश में पेगासस छोड़ क्षीरसागर जा रहे श्री हरि…

भारत के ह्रदय प्रदेश में पेगासस परोस कर श्री हरि विष्णु चार माह के विश्राम के लिए क्षीरसागर प्रस्थान कर रहे हैं। विष्णु का जब चार माह के विश्राम के लिए क्षीरसागर जाना होता है, अक्सर उस समय ह्रदय अशांत हो जाता है और ह्रदय प्रदेश में उथल-पुथल सी मच जाती है। आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को ही देवशयनी एकादशी कहा जाता है, यह इस वर्ष आज यानि 17 जुलाई 2024 को है। इससे एक दिन पहले जहां सत्ता पक्ष अमरवाड़ा में हाल ही में विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के लिए मोहन-विष्णु ह्रदय से आभार जता रहे थे। तो राजधानी भोपाल के राजनैतिक क्रियाकलापों में विपक्ष ने मानो आकाश-पाताल एक कर दिया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का मोबाइल हेक किये जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने साइबर सेल के डीजी से मुलाकात कर रिपोर्ट दर्ज कराकर दोषियों के विरूद्व कार्यवाही करने की मांग की है। कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने साइबर सेल डीजी को बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एप्पल का मोबाईल, जिस पर एप्पल कंपनी द्वारा मेल आई डी के माध्यम से उनके मोबाईल को हेक किये जाने की जानकारी मिली है। पेगासस स्पाई के माध्यम से पटवारी का मोबाईल हेक किया गया है, जिससे उनके मोबाइल डेटा की जासूसी की जा रही है। पटवारी के मोबाईल का संपूर्ण डेटा चोरी किया जा रहा है। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि पटवारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर आसीन हैं, राजनैतिक, सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ सभी प्रकार की गतिविधियों से संबंधित डाटा मोबाईल में रहता है। पेगासस स्पाई द्वारा किया गया यह कृत्य सामाजिक, राजनैतिक शुचिता के विरूद्व है। अब इस पेगासस का अंत क्या होता है,यह तो आने वाला समय बताएगा लेकिन तब तक विपक्ष को एक बड़ा काम तो मिल ही गया है। जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार अपने एजेंडे पर सरकार को घेरने की नई-नई रणनीति बनाने और उस पर अमल करने का काम कर अपने दल के केंद्रीय नेताओं को यह अहसास करा सकते हैं कि अब मध्यप्रदेश में विपक्ष सड़क पर मजबूती से संघर्ष कर रहा है।

खैर इधर कांग्रेस शिकायत करने में व्यस्त थी, तो उधर कांग्रेस महिला मोर्चा में भी घमासान देखकर लोक पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को याद कर रहे थे। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा पर महिला नेता ने ही धमकी देने का आरोप लगा या है। महिला कांग्रेस की बैठक में हंगामा हुआ और बैठक से महिला पदाधिकारी को बाहर निकालने पर विवाद हुआ। महिला कांग्रेस पादधिकारी मधु शर्मा का आरोप कि अलका लांबा ने उन्हें बैठक से जूता मार के बाहर निकलने की धमकी दी है। तो उधर *फोटो कैप्शन :-* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा के ग्राम सकरवाड़ा में आयोजित आभार रैली में शामिल होकर जनता का अभिवादन किया और उन पर फूल बरसाकर आभार जताया।

तो थोड़ा सा देवशयनी एकादशी की बात कर लें। हिंदू धर्म में एकादशी का व्रत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। प्रत्येक वर्ष 24 एकादशियाँ होती हैं। जब अधिकमास या मलमास आता है तब इनकी संख्या बढ़कर 26 हो जाती है। सूर्य के मिथुन राशि में आने पर यह आषाढ शुक्ल पक्ष की एकादशी आती है। इसी दिन से चातुर्मास का आरंभ माना जाता है। इस दिन से भगवान श्री हरि विष्णु क्षीरसागर में शयन करते हैं और फिर लगभग चार माह बाद तुला राशि में सूर्य के जाने पर उन्हें उठाया जाता है। उस दिन को देवोत्थानी एकादशी कहा जाता है। इस बीच के अंतराल को ही चातुर्मास कहा गया है।

तो यही कामना है कि चातुर्मास में भगवान विष्णु के विश्राम में कोई रुकावट न हो और वह शांति से चार माह क्षीरसागर में रहें। इसके लिए जरूरी है कि ह्रदय प्रदेश में शांति रहे। भाजपा-कांग्रेस राजनैतिक दल इन चार माह प्रदेश में उथल-पुथल न मचने दें और ईश्वर के ध्यान में मगन होकर सब जन धर्ममय रह सकें। तो पेगासस का मामला चार माह में सुलझ जाए ताकि देवोत्थानी एकादशी पर श्री हरि विष्णु खुश होकर फिर राजकाज में लग सकें…।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।