
श्री श्वेताम्बर जैन वरिष्ठ सेवा समिति ने जावरा में ट्रेनों के स्टॉपेज वह मूलभूत समस्याओं के समाधान हेतु सांसद के नाम प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन!
जावरा : जावरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं की कमियां को लेकर श्री श्वेताम्बर जैन वरिष्ठ सेवा समिति (जावरा) ने सांसद सुधीर गुप्ता के नाम एक ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी को सौंपकर शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। अध्यक्ष अभय सुराणा ने बताया कि जावरा रेलवे स्टेशन पर कुछ ट्रेन जिनका पहले उनका स्टॉपेज था लेकिन वर्तमान में नहीं है तथा एक या दो साप्ताहिक ट्रेनों का स्टॉपेज भी जावरा में रखा जाए इसके साथ ही स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने से यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अंडर ब्रिज का निर्माण भी शीघ्र किया जाए प्लेटफार्म नंबर 2 से बाहर जाने के लिए बना कच्चा मार्ग गंदगी और कीचड़ से भरा रहता है। जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर दो पर टिकट खिड़की की कमी, वाटर कूलर का अभाव, वातानुकूलित प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) और कैंटीन सुविधा का न होना भी प्रमुख समस्याओं के रूप में सामने आया। समिति ने प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। दोनों प्लेटफार्म पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली कोच डिस्प्ले नहीं लगा हुआ हैं जिसके कारण बहुत ज्यादा परेशानी होती है तो कई बार बच्चे, महिलाए सीनियर सिटीजन गिर भी जाते हैं। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जावरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर कई लंबी दूरी की और साप्ताहिक ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को अन्य शहरों से यात्रा करनी पड़ती है। साथ ही स्टेशन के बाहर कोल इंडिया द्वारा निर्मित शौचालय की टेंडर प्रक्रिया लंबित होने के कारण उपयोग में नहीं आ पा रहा, जिससे स्वच्छता संबंधी समस्या भी बनी हुई है। इसके साथ ही स्टेशन के बाहर कोई वाहन पार्किंग की जगह निश्चित नहीं होने से मन चाहे स्थान पर गाड़ियां खड़ी रहती है जिससे पैदल चलने वाले को भी परेशानी आती है। समिति ने संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया कि इन सभी समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र कार्रवाई कर जावरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए। समिति ने आशा व्यक्त की है कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा।
सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी ने कहा कि आपका यह मांग पत्र सांसद जी के साथ ही हम संबंधित अधिकारीगण को भेज देंगे तथा वहां से जिन समस्याओं का समाधान हो जाएगा, इसकी सूचना भी आपको दे देंगे। उन्होंने प्रतिनिधि मंडल के सामने ही मोबाइल पर इन समस्याओं के संदर्भ में चर्चा कर शीघ्र निराकरण की बात भी कहीं। प्रकाशचंद संघवी, पुखराज पटवा, नेमीचंद जैन, सुभाष डूंगरवाल, राजेंद्र कोचर, नरेंद्र संघवी, अशोक धोका, प्रदीप सेठिया, ऋषभ छाजेड़, अभय सुराणा, राजकुमार हरण आदि सदस्य मौजूद थे। संचालन राजकुमार हरण ने तथा आभार पुखराज पटवा ने माना!





