तो जानापाव में बनेगा परशुराम लोक…

तो जानापाव में बनेगा परशुराम लोक...

तो जानापाव में बनेगा परशुराम लोक…

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव में अक्षय तृतीया पर परशुराम लोक बनाने की घोषणा कर दी है। यह हमारे आलेख का असर कतई नहीं हो, लेकिन यह मेरे लिए उपलब्धि अवश्य है कि मुख्यमंत्री शिवराज के घोषणा करने से पहले यह आलेख हमने लिखा। इस आलेख को पढ़ा गया और जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी भोपाल में गुफा मंदिर में आयोजित परशुराम जयंती के समारोह में परशुराम लोक बनाने की बात जानापाव जाने से पहले कही, तब आलेख अपने आप ही असरदार साबित हो गया। हालांकि यह बात संभव है कि सरकार की सोच पहले बन चुकी हो, पर आलेख के जरिए सरकार से यह अपेक्षा जरूर की गई कि परशुराम लोक और ब्राह्मण वर्ग आयोग का गठन किया जाना चाहिए। सरकार ने परशुराम लोक और ब्राह्मण बोर्ड के गठन की घोषणा की है। बोर्ड की जगह अब भी आयोग के गठन की अपेक्षा जरूर की जाएगी। पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा सरकार ने जो घोषणा की है, उसके लिए वह साधुवाद के पात्र हैं। धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का जो काम शिवराज सरकार के समय हुआ है, चाहे अंबेडकर धाम हो, संत रविदास का भव्य मंदिर निर्माण की बात हो, आद्यशंकराचार्य की ओंकारेश्वर में विशाल प्रतिमा और संग्रहालय की कवायद हो और अन्य महत्वपूर्ण देन हों… सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने के लिए शिवराज और भाजपा सरकार की यह देन अविस्मरणीय हैं और रहेंगीं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अक्षय‌ तृतीया पर गुफा मंदिर में आयोजित परशुराम जयंती समारोह में कहा कि गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी। भगवान परशुराम न्याय के देवता थे। उन्होंने आततायियों का नाश करने शस्त्र उठाए थे। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुण्डे, बदमाश और नक्सलियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में कक्षा 8वीं के पाठ्यक्रम में भगवान परशुराम के जीवन-चरित्र को शामिल करने, संस्कृत और कर्मकांड का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने और पुजारियों को मानदेय देने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में संस्कृत शिक्षकों को नियुक्त करने का कार्य शुरू हो गया है।  तो सर्वाधिक महत्वपूर्ण घोषणा यह कि भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में श्रीपरशुराम लोक का निर्माण किया जाएगा।

Read More… ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की होगी स्थापना, जन्म-स्थली जानापाव में बनेगा श्री परशुराम लोक 


बाद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानापाव में कहा कि समाज में समता एवं समानता लाने की सबसे पहली पहल भगवान श्री परशुराम ने की थी। उन्होंने सबको भूमि उपलब्ध कराने की पहल भी की थी। उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिये हमने तय किया है कि मध्यप्रदेश में अब कोई भी गरीब आवासहीन नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्री परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में श्री परशुराम लोक एवं धाम बनाया जायेगा। साथ ही प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनेगा। परशुराम, भगवान श्री विष्णु के 6वें अवतार थे। धर्म की रक्षा एवं दुष्टों के नाश के लिये उनका अवतार हुआ था। मध्यप्रदेश धन्य एवं गौरवशाली है कि भगवान श्री परशुराम का जन्म हमारे प्रदेश में हुआ। वे शस्त्र एवं शास्त्र के ज्ञाता थे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने जानापाव में विचार व्यक्त किए कि जानापाव देशभर में महत्वपूर्ण तीर्थ के रूप में जाना जाता है। देशभर के भक्तगण यहाँ आकर भगवान परशुराम जी के दर्शन कर धर्मलाभ लेते हैं। भव्य परशुराम धाम के निर्माण से यह स्थल देशभर में लोक आस्था के साथ ही संस्कृति व पर्यटन की दृष्टि से भी पहचाना जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने महाकाल लोक की तरह ही सात नदियों के उद्गम स्थल एवं भगवान परशुराम जी की जन्मस्थली जानापाव पर भव्य परशुराम लोक के निर्माण करने के निर्णय एवं ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल लोक, बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू को नया स्वरूप देने के साथ अब भगवान परशुराम जी के जन्म स्थान पर भव्य परशुराम लोक बनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री चौहान का यह निर्णय इस बात का उदाहरण है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विजनरी नेतृत्व में हमारी प्राचीन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के पुनरुत्थान के लिए कटिबद्ध है।
तो शुक्रिया शिवराज, साधुवाद भाजपा सरकार। यही कामना है कि धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने की दिशा में शिवराज और भाजपा सरकार की यह यात्रा सतत जारी रहे…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।