
SP ALIRAJPUR: 2012 बैच के IPS रघुवंश कुमार सिंह ने संभाली अलीराजपुर जिले की कमान
– राजेश जयंत
ALIRAJPUR:मध्यप्रदेश शासन द्वारा किए गए हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत अलीराजपुर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास का स्थानांतरण पुलिस उपायुक्त, सूचना एवं सुरक्षा नगरीय पुलिस, इंदौर के पद पर किया गया। उनकी जगह 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी रघुवंश कुमार सिंह [ IPS 2012], सेनानी 5वीं वाहिनी विसबल मुरैना को अलीराजपुर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया गया।
रविवार को आयोजित एक समारोह में नवागंतुक पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने पूर्व पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास से विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने बताया कि श्री सिंह शीघ्र ही अपराध नियंत्रण एवं पुलिस प्रशासन की कार्ययोजना तथा प्राथमिकताओं को लेकर एक पृथक प्रेसवार्ता कर मीडिया और आम जनता को सूचित करेंगे।
*प्रशासनिक यात्रा*
रघुवंश कुमार सिंह ने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने मुरैना और ग्वालियर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक [ASP] के रूप में सेवाएं दी हैं।
आप अशोक नगर और शिवपुरी में पुलिस अधीक्षक रहे हैं, वहीं ग्वालियर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ EOW के SP के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है।
उनकी विशेषज्ञता अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन में है, जो अलीराजपुर जिले के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
समारोह में अलीराजपुर के पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने नवागंतुक एसपी का जोरदार स्वागत किया और नए कार्यभार हेतु शुभकामनाएं दीं।





