SP at Abroad Still Removed: 9 बच्चों की मौत हादसे में सागर SP अभिषेक तिवारी को हटाया, जबकि वे 15 दिन से देश से बाहर!

यहां से तबादला चाहते थे, सरकार प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव नहीं कर रही!

523

SP at Abroad Still Removed: 9 बच्चों की मौत हादसे में सागर SP अभिषेक तिवारी को हटाया, जबकि वे 15 दिन से देश से बाहर!

 

Bhopal : सागर में रविवार को दीवार गिरने से हुई 9 बच्चों की मौत के मामले में सरकार ने कलेक्टर और एसपी समेत कई अफसरों के तबादले किए हैं। लेकिन, जिस एसपी अभिषेक तिवारी को कथित अनियमितता को लेकर सागर से हटाकर पीएचक्यू में अटैच किया गया वे पिछले 15 दिन से देश से बाहर हैं।

बताया गया है कि वे पिछले 5 महीने से तबादला चाह रहे थे। उनका केंद्र में प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी होने के बावजूद सरकार उन्हें रिलीव नहीं कर रही थी। सैद्धांतिक तौर पर उन्हें रिलीव करने की अनुमति भी सरकार ने दे दी थी।

साल 2013 बैच के IPS अधिकारी अभिषेक तिवारी को मार्च 2024 में नेशनल टेक्निकल रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (एनटीआरओ) में प्रतिनियुक्ति मिल गई थी। लेकिन, लोकसभा चुनाव के कारण उन्हें गृह विभाग ने रिलीव नहीं किया। चुनाव के बाद उन्होंने फिर प्रयास किए, लेकिन उन्हें इजाजत नहीं मिली। अब सागर में हुए बच्चों की मौत वाले हादसे के बाद उन्हें रविवार देर रात पुलिस मुख्यालय भेजा गया। जबकि सरकार ने 27 जुलाई से 8 अगस्त तक उनकी छुट्‌टी मंजूर की हुई है।

वे सरकार से अनुमति लेकर परिवार के साथ निजी यात्रा पर अमेरिका में हैं। सागर एसपी का प्रभार एडिशनल एसपी डॉ संजीव उइके के पास है।

लगता है अब तिवारी के प्रतिनियुक्ति पर जाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार अभिषेक तिवारी को केंद्र में प्रतिनियुक्ति मिल गई थी। वे छह महीने से जाने की कोशिश कर रहे थे। प्रदेश सरकार ने उन्हें रोक रखा था।

राष्ट्रपति वीरता पदक मिल चुका

अभिषेक तिवारी प्रदेश के उन चुनिंदा अफसरों में शामिल हैं, जिन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक मिला है। वे जब बालाघाट जिले के एसपी थे, तब 2019 और 2020 में नक्सलियों को मार गिराया था। इस पर उन्हें यह पदक दिया गया था। बालाघाट के बाद वे रतलाम जिले के एसपी बने थे। रतलाम में कुछ समय रहने के बाद उनका तबादला सागर कर दिया गया। वे पिछले साल मार्च से यहीं थे।