
रफ्तार का कहर: थाने के सामने कार ने शिक्षक को उड़ाया, CCTV आया सामने- 50 फीट तक घसीटते ले गई कार
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा कस्बे में शनिवार देर शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक शिक्षक की असामयिक मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना थाना परिसर के ठीक सामने उस समय घटित हुई जब ऊजरा में पदस्थ 38 वर्षीय शिक्षक विपिन चौरसिया शाम की सैर पर निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महोबा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज़ रफ्तार अल्टो कार ने सड़क किनारे टहल रहे विपिन चौरसिया को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह उछलकर दूर झाडिय़ों में जा गिरे। टक्कर की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शिक्षक मौके पर ही अचेत हो गए और उनके चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
हादसा थाना परिसर के अत्यंत समीप होने के कारण थाना प्रभारी रीता सिंह के निर्देशन में पुलिस बल तत्काल सक्रिय हो गया। डायल 112 के आरक्षक योगेश रिछारिया और पायलट उदयभान ने तत्परता दिखाते हुए घायल शिक्षक को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर अदिति अग्रवाल ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दु:खद समाचार के मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गढ़ी मलहरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ है। पुलिस ने घटना स्थल से दुर्घटनाकारी वाहन को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है।
●एमएलसी रिपोर्ट आने के बाद पकड़ा जाएगा आरोपी चालक..
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण करा ली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के समय कार में मौजूद एक बच्ची भी घायल हुई है, जिसका उपचार जारी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, वर्तमान में पुलिस अस्पताल से प्राप्त होने वाली एमएलसी रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है। हालांकि अब तक पीडि़त पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने कोई थाने नहीं पहुंचा है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट दर्ज होते ही वैधानिक आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





