

AICC के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस की बैठक, संविधान बचाओ अभियान का एक वर्ष के कार्यक्रम की बनी कार्ययोजना
भोपाल: AICC के निर्देश पर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस की अहम बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों के साथ ही जिला अध्यक्ष शामिल हुए। इससे पहले पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक हुई। दोनों बैठकों में संविधान बचाओं अभियान के एक वर्ष के कार्यक्रम की कार्ययोजना बनाई गई है।
यह अभियान 25 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के लिए समन्वय समितियों का गठन अब किया जाएगा। इस दौरान कैसे पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की जाएगी, इस पर भी चर्चा हुई।
AICC ने पहले ही यह तय कर दिया है कि 25 से 30 अप्रैल तक राज्य की राजधानी या अन्य रणनीतिक स्थानों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी, राज्य स्तरीय संविधान बचाओ रैलियां आयोजित करेगी। इस रैलियों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर कांग्रेस हमला करेगी। वहीं पार्टी नेतृत्व के खिलाफ सरकार द्वारा किए जा रहे मामलों आदि को भी उठाया जाएगा। इन रैलियों में प्रदेश के प्रमुख नेताओं और समाज के प्रमुख नागरिकों को संबोधन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद 3 से 10 मई तक जिलों में यह अभियान चलेगा। इसमें बेरोजगारी, महंगाई के मुद्दे भी शामिल किए जाएंगे। इसके बाद 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तर पर यह अभियान चलेगा।
इसमें राज्य सरकार को भी घेरने का काम होगा। अभियान का अंतिम चरण 20 से 30 मई तक होगा। जिसमें घर-घर जाकर कांग्रेस नेता संवाद स्थापित करेंगे। इस अभियान में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा।