Storm & water Again in Indore : इंदौर में फिर मौसम बदला, लगातार तीसरे दिन आंधी-पानी, तापमान भी गिरा!

दस सालों में मई महीने में अभी तक 4 इंच से ज्यादा बारिश, 9 मई तक यही माहौल!

332

Storm & water Again in Indore : इंदौर में फिर मौसम बदला, लगातार तीसरे दिन आंधी-पानी, तापमान भी गिरा!

Indore : शहर में दो दिन तक लगातार तेज आंधी और पानी के बाद आज मंगलवार को दोपहर में फिर वही माहौल बन गया। जबकि, रविवार और सोमवार को पानी शाम और रात में आया था। आज मंगलवार को दोपहर 1 बजे के बाद से बादल छाने लगे और डेढ़ बजे के बाद तेज आंधी चली और पानी आने लगा। तापमान भी गिर गया। वेस्टर्न डिस्टरबेंस, दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। सोमवार को कई जिलों में आंधी, ओले-बारिश का दौर बना रहा। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम है। 9 मई तक आंधी, बारिश का अलर्ट है।

आज की बारिश से कई जगह साइन बोर्ड उखड़कर, गिरने पेड़ों की डालियां टूटने, सड़कों पर पानी भरने और सामान उड़ने की खबरें हैं। जबकि, बारिश के साथ ही कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। इंदौर में पिछले रविवार शाम को तेज आंधी और बारिश की शुरुआत हुई थी। सोमवार को यही क्रम देर रात को शुरू हुआ। लेकिन, मंगलवार को दोपहर से ही तेज हवाएं चलने लगी और रात के तापमान में खासी गिरावट आई।

इन 48 घंटों में दिन का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस (-6) पर आ गया। जबकि, रात का तापमान जो तीन दिन पहले 24.5 डिग्री सेल्सियस था, वो रविवार रात को गिरकर 17.2 डिग्री सेल्सियस (-7) हो गया। सोमवार को यह तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस (-5) रहा।

मंगलवार को दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि, रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम होने के आसार है। खास बात यह है कि तापमान में भारी गिरावट के बावजूद, जोरदार बारिश के बाद उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। लोग सबसे ज्यादा बिजली की लुका छुपी से परेशान हैं।

शहर में रविवार दोपहर को ढाई घंटे में करीब 2.75 इंच बारिश हुई। सोमवार रात को तेज हवा चली और बारिश हुई। इस दौरान मौसम विभाग ने एक इंच बारिश रिकॉर्ड की। इस बार 5 मई तक 96 मिमी (करीब 4 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। यह पिछले 10 सालों में मई महीने में हुई सबसे ज्यादा बारिश है। इसके पहले 2023 के मई माह में 3 इंच बारिश हुई थी। अभी तीन दिन बारिश का यही क्रम रहने के आसार हैं।