एग्जाम में असफलता से तनाव में आई 14 वर्षीय छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, जिला अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

58

एग्जाम में असफलता से तनाव में आई 14 वर्षीय छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, जिला अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

 

छतरपुर : छतरपुर में एक बार फिर परीक्षा में असफलता के कारण आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। यहां 14 वर्षीय एक छात्रा ने नाइंथ क्लास में फेल होने के बाद घर में रखी हेयर डाई पीकर जान देने का प्रयास किया। छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा ने रिजल्ट आने के बाद अपनी असफलता की बात घर में किसी को नहीं बताई। वह अंदर ही अंदर तनाव में थी और इस डर में जी रही थी कि कहीं माता-पिता नाराज न हो जाएं। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

घटना के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब उसने अपनी बहन को पूरी सच्चाई बताई कि वह परीक्षा में फेल हो गई है और उसी वजह से उसने हेयर डाई पी ली है। इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

परिजनों का कहना है कि अगर छात्रा पहले ही अपनी असफलता के बारे में बता देती तो वे उसे समझाते, न कि डांटते। उन्होंने कहा कि बेटी ने बेवजह डर के कारण इतना बड़ा कदम उठा लिया। फिलहाल परिवार के लोग सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है।

यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई बार छात्र-छात्राएं परीक्षा में असफलता के बाद तनाव में आकर इस तरह के कदम उठा चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों पर पढ़ाई का अत्यधिक दबाव और असफलता का डर उन्हें मानसिक रूप से कमजोर बना देता है।

एक परीक्षा में असफल होना जीवन की हार नहीं है। जरूरत है बच्चों को समझने, उनसे संवाद करने और उन्हें यह विश्वास दिलाने की कि हर परिस्थिति में परिवार उनके साथ खड़ा है।