Strictness on Auto : नए साल से ऑटो रिक्शा पर सख्ती, RTO की तैयारी!  

तीन से ज्यादा सवारी बैठाने, म्यूजिक सिस्टम लगाने पर चालान! 

502

Strictness on Auto : नए साल से ऑटो रिक्शा पर सख्ती, RTO की तैयारी!  

Indore : नए साल में आरटीओ ऑटो रिक्शा पर सख्ती करने की तैयारी कर रहा है। हाई कोर्ट की फटकार के बाद सरकार ने ऑटो रिक्शा के संचालन के लिए ऑटो रिक्शा विनियमन योजना बनाई थी और इस संबंध में आदेश जारी किया था। अब प्रदेश में ऑटो रिक्शा के संचालन के लिए नए नियम बना दिए गए हैं। इनका उल्लंघन करते पाए जाने पर परमिट निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आरटीओ द्वारा नए साल से अभियान चलाकर शहर के ऑटो रिक्शा संचालन व्यवस्थित रूप से करवाया जाएगा। नए वर्ष से RTO द्वारा नियम पालन कराए जाएंगे। जिसमें ऑटो रिक्शा में तीन सवारी से अधिक बैठाने पर परमिट निरस्त होगा। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार द्वारा ई-रिक्शा को चलाने के लिए क्षेत्र और मार्गों का निर्धारण किया जाएगा। किसी भी शहर या ग्रामीण इलाके में जनसंख्या के आधार पर अन्य लोक परिवहन की संख्या को देखते अलग-अलग परमिट दिए जाएंगे।

शहरी और ग्रामीण इलाके के ऑटो का कलर भी अलग होगा। ऑटो और बैटरी ऑटो में किसी प्रकार का मॉडिफिकेशन नहीं होगा। उसमें म्यूजिक सिस्टम नहीं लगाए जा सकेंगे। यह होने पर उसका परमिट निरस्त कर दिया जाएगा। ऐसे ऑटो चालक जिनका साल में दो रेड लाइट जंप करने का चालान हुआ है। उनका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। रिक्शा में ओवरलोडिंग करने पर चालक के साथ ऑटो रिक्शा मालिक को भी उत्तरदायी माना जाएगा। उस पर एक हजार रुपए का जुमार्ना किया जाएगा।

इंदौर में करीब 15 हजार परमिट वाले ऑटो हैं, जबकि तीन हजार ऑटो रिक्शा अवैध रूप से चल रहे हैं। जबलपुर हाई कोर्ट की फटकार के बाद के सरकार और परिवहन विभाग ने ऑटो रिक्शा विनियमन योजना 2021 तैयार की है। कुछ माह पहले इसका प्रारूप जारी किया गया था। सुझाव और संशोधन के बाद इसे नवंबर से पूरे प्रदेश में लागू कर दिया गया है। जिसके चलते प्रदेश भर में ऑटो रिक्शा पर सख्ती की जा रही हैं।