Sultry With Hot Wave : दोपहर में शहर गर्मी और गरम हवा के साथ उमस की चपेट में!

अगले दो दिन हल्की बारिश होने का अंदेशा, मानसून लेट पर संतोषजनक

361

Sultry With Hot Wave : दोपहर में शहर गर्मी और गरम हवा के साथ उमस की चपेट में!

Indore : शनिवार के बाद रविवार को भी शहर गर्म हवा की चपेट में रहा। इस कारण गर्माहट ज्यादा महसूस की गई। दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। दो तीन दिन से तापमान में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।

रविवार को भी शहर गर्म हवाओं की चपेट में रहा। सुबह से तेज धूप और गर्म हवा से लोग परेशान होते रहे। यह स्थिति देर तक बनी रही। हवा भी 15 से 24 किमी की रफ्तार से चलती रही। अरब सागर में तूफान और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मौसम का मिजाज उमसभरा है। जैसे-जैसे तूफान गुजरात की ओर बढ़ रहा है, वातावरण में नमी मिल रही है।

मौसम विभाग का कहना है, मानसून के आगमन के बीच तूफान ने इसकी रफ्तार को धीमा किया है। इस कारण गर्मी और उमस बढ़ती जा रही है। रविवार को तूफान की चाल तेज हुई और यह गुजरात व पाकिस्तान की तरफ निकल गया। इससे बादल छाने और हलकी बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। आगे भी धूप-छांव बनी रहेगी और लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।

अच्छे मानसून के आसार
अनुमान है कि मानसून भले ही एक सप्ताह देरी से आएगा, पर औसत 36 इंच भी बारिश हुई तो इंदौर को सालभर की जरूरत का पानी मिल जाएगा। कारण यह है कि पीने का पानी देने वाला यशवंत सागर करीब 12 फीट भरा हुआ है। इसकी क्षमता 19 फीट है। 34 फीट क्षमता वाला बिलावली तालाब 23 फीट से ज्यादा तक भरा हुआ है। ऐसे में औसत पानी गिरने से भी यह तालाब क्षमता के मुताबिक भरा जाएंगे।