नड्डा के मेगा शो का सार, मोदी दमदार और प्रदेश में इस बार दो सौ पार…

नड्डा के मेगा शो का सार, मोदी दमदार और प्रदेश में इस बार दो सौ पार…

भाजपा ने अब चुनावी रण का शंखनाद कर दिया है। मध्यप्रदेश में 2023 विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा को भाजपा साथ-साथ लेकर चल रही है। 25 मार्च 2023 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छिंदवाड़ा में लोकसभा चुनाव में कमल खिलाने का ऐलान किया। तो 26 मार्च 2023 को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भोपाल आकर मोदी की दमदारी का दम भरा और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में दो सौ पार का लक्ष्य हासिल करने का बिगुल फूंका। शिव के राज की तारीफ की, तो विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में संगठन की प्रशंसा की। नड्डा के भोपाल दौरे के बाद दो संदेश साफ तौर पर तैरते नजर आए। एक नड्डा के मुताबिक कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत के उत्साह से अभिभूत उन्हें यह संदेश साफ नजर आया कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा दो सौ पार होने का दम रखती है। तो दूसरा बड़ा संदेश नड्डा की यात्रा से हर आम और खास को नजर आया कि प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव शिवराज और विष्णु के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। यानि सरकार और संगठन का नेतृत्व बरकरार रहेगा। नड्डा का मेगा शो यह संदेश देने में सफल रहा।
IMG 20230326 WA0018
प्रबुद्धजन समागम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस ने हमेशा जनता को गुमराह करने की कोशिश की। और नरेंद्र मोदी ने विकासवाद को आगे बढ़ाया। भारत अब लेने वाला नहीं, देने वाला देश है। कांग्रेस पर निशाना साधा कि कुछ समय से राजनैतिक दलों का डिस्कोर्स बदला है। पहले राजनैतिक दल लोक लुभावने वादे कर भूल जाते थे। वादाखिलाफी करना नेतृत्व और पार्टियों का कल्चर था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद भारत का राजनैतिक कल्चर बदला है। संस्कृति और राजनैतिक डिस्कोर्स बदला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण विकास की राजनीति आगे बढी है। पहले भाई भतीजावाद, परिवारवाद और जातिवाद का कल्चर था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकासवाद को आगे बढाया। जिसका मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। ब्रिटेन ने भारत पर दो सौ सालों तक राज किया, लेकिन आज भारत ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार का विज़न अन्त्योदय है। सरकार की सभी नीतियां और योजनायें मजदूरों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों को ध्यान में रखकर बनायी जाती हैं। प्रदेश में शिवराज के नेतृत्व में सरकार केन्द्र के विजन को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम लिख रही है। अमृतकाल के बजट में मध्यप्रदेश को सौगात मिली है। लाडली लक्ष्मी बहना योजना के माध्यम से बहनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार एक प्रो-एक्टिव एवं प्रो-रिस्पौंसिबल सरकार है।
राजधानी पहुंचे नड्डा ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे राजाभोज की नगरी भोपाल के कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य मिला है। मेरे स्वागत में जो उत्साह कार्यकर्ताओं में दिख रहा है वह आने वाले समय का संदेश दे रहा है। आपका यह उत्साह अनायास ही नहीं है, यह आप सबकी तपस्या, कड़ी मेहनत, लोगों की सेवाभाव, समाज को आगे बढ़ाना और सरकार व संगठन में समन्वय रखकर के चलने का नतीजा है। इस उत्साह को लक्ष्य में परिवर्तित कर मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में हमें 200 पार के लक्ष्य को हासिल करना है। यानि यहां नड्डा ने विष्णु के नेतृत्व में संगठन की खुलकर प्रशंसा की, तो शिवराज के नेतृत्व में सरकार की तारीफ हर मंच पर करते नजर आए।
सार यही है कि मोदी दमदार प्रधानमंत्री हैं और प्रदेश में भाजपा को दो सौ पार कर दिखाना है। शिवराज के मन की बात पर गौर करें तो संघर्ष का शंख फुंक गया है, युद्ध के नगाड़े बज गए हैं। नेतृत्वकर्ता नड्डा सेनापति बन भोपाल आए हैं। हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि पहले 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएंगे और 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश से सभी 29 लोकसभा सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
Author profile
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।