
भोपाल में MBBS छात्रा रोशनी की संदिग्ध मौत, मंत्री ने सीएम को लिखा पत्र
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज में MBBS प्रथम वर्ष की छात्रा और अलीराजपुर जिले के अकलवा गांव निवासी 19 वर्षीय रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। छात्रा का शव कोहेफिजा थाना क्षेत्र के एक निजी हॉस्टल के बाथरूम में मिला था। मामले ने तूल तब पकड़ा जब परिजनों ने आत्महत्या की संभावना से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
इसी बीच अलीराजपुर विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
*● बाथरूम में मिला शव, पास में थी एसिड की खाली बोतल*
पुलिस के अनुसार रोशनी गणेश भोपाल में निजी हॉस्टल में रहकर गांधी मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रही थीं। मंगलवार सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो सहपाठियों को आशंका हुई। दरवाजा खुलवाने पर वह बाथरूम में अचेत अवस्था में मिलीं। घटनास्थल के पास से एक खाली एसिड की बोतल बरामद हुई।
उन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
*● अक्टूबर 2025 में लिया था प्रवेश, डॉक्टर बनने का था सपना*
परिजनों के अनुसार रोशनी ने अक्टूबर 2025 में गांधी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था। वह पढ़ाई को लेकर गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा थीं। परिवार का कहना है कि वह डॉक्टर बनकर अपने क्षेत्र और समाज की सेवा करना चाहती थीं।
कॉलेज प्रशासन ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और कहा है कि जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा।

*● पिता ने जताई हत्या की आशंका, उठाए कई सवाल*
घटना के बाद रोशनी के पिता भोपाल पहुंचे और मीडिया से बातचीत में आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि बेटी ने एसिड पिया होता तो उल्टी के निशान या कपड़ों पर दाग दिखाई देते, जबकि ऐसा कुछ स्पष्ट नहीं दिख रहा। उन्होंने आशंका जताई कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश भी हो सकती है। परिवार ने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
*● विधायक व कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने सीएम को लिखा पत्र*
मामले को लेकर अलीराजपुर विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने सार्वजनिक रूप से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अकलवा निवासी रोशनी का असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है और वे इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि परिवार की शंकाओं और न्याय की मांग को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री से भेंट कर जांच प्रक्रिया को गति देने का अनुरोध करेंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।
*● पुलिस हर एंगल से कर रही जांच*
कोहेफिजा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल हॉस्टल प्रबंधन, सहपाठियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नकारा नहीं गया है।
*● कॉलेज और क्षेत्र में शोक का माहौल*
रोशनी की असामयिक मृत्यु से गांधी मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक का वातावरण है। अलीराजपुर जिले में भी लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। मामला अब प्रदेश स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील हो चुका है। सभी की नजरें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उच्च स्तरीय जांच पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमय मौत की सच्चाई सामने आ सके।





