डॉग बाइट से दहशत में आई बच्ची, खरगोन में कक्षा चौथी की छात्रा को दादा-दादी के पास भेजना पड़ा

303

डॉग बाइट से दहशत में आई बच्ची, खरगोन में कक्षा चौथी की छात्रा को दादा-दादी के पास भेजना पड़ा

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की बृज विहार कॉलोनी में आवारा कुत्तों के हमले से कक्षा चौथी की एक बच्ची बुरी तरह डर गई है। घटना के बाद बच्ची पर पड़े मानसिक असर को देखते हुए परिजनों ने उसे कुछ समय के लिए दादा-दादी के पास भेजने का निर्णय लिया है। यह घटना बुधवार शाम की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल बैग लेकर कोचिंग जा रही बच्ची को कॉलोनी में घूम रहे आवारा कुत्ते घेर लेते हैं। बच्ची पहले से ही सतर्क थी और कुत्तों से बचते हुए धीरे-धीरे निकलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन इसी दौरान पीछे से एक कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा। हमले के कारण बच्ची सड़क पर गिर गई और कुत्ते ने उसे काट लिया।

WhatsApp Image 2026 01 24 at 9.56.36 AM 1

बच्ची की मां रेखा जायसवाल ने बताया कि घटना के दिन बुधवार शाम को खून नहीं निकलने के कारण पहले केवल टिटनेस का इंजेक्शन लगवाया गया। बाद में जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया और काटने के स्पष्ट निशान नजर आए, तो गुरुवार को बच्ची को अस्पताल ले जाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन का डोज भी दिलवाया गया।

वहीं, बच्ची की मां नेहा जायसवाल ने बताया कि उनकी बेटी कोचिंग के लिए घर से निकली ही थी, तभी यह घटना हो गई। उन्होंने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से धूलकोट का निवासी है और बच्चों की बेहतर शिक्षा के उद्देश्य से जून 2025 में खरगोन आकर रहने लगा था।

घटना के बाद बच्ची और उससे छोटा भाई मानसिक रूप से काफी डर गए हैं। मां ने बताया कि दोनों बच्चे पिछले दो दिनों से घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। बच्ची की लगातार घबराहट और डर को देखते हुए शुक्रवार को उसे दादा-दादी के पास भेज दिया गया, ताकि वातावरण बदलने से उसकी मानसिक स्थिति में सुधार हो सके।
इस घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में भी आक्रोश है। लोगों ने कॉलोनी और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए नगर पालिका से ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।