फरार बदमाश ने फरियादी पर किए फायर, क्राइम ब्रांच ने पकड़ा तो हमला कर साथी को छुड़ाया

पुलिस ने हत्या के प्रयास, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया

647

फरार बदमाश ने फरियादी पर किए फायर, क्राइम ब्रांच ने पकड़ा तो हमला कर साथी को छुड़ाया

भोपाल। राजधानी में बदमाशों के हौसले दिन व दिन बुलंद होते जा रहे हैं। टीटी नगर थाना क्षेत्र में बीती रात जबरदस्ती वसूली व धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी व 22 सौ करोड़ के डिब्बा स्कैम के मुख्य सरगना के राइट हैंड सोनू पचौरी ने एक टेलीकॉम कारोबारी व उसके साथियों के साथ मारपीट कर ताबतोड़ फायर शुरू कर दिए। तभी सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को धरदबोचा। इससे पहले की पुलिस आरोपी को लेकर रवाना होती। आरोपी के साथियों ने क्राइम ब्रांच पर हमला कर अपने साथी को छुड़ा लिया और उसके लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने फरार बदमाशों के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआई चंद्रभान सिंह गुर्जर ने बताया कि सेज हेरिटेज बाबड़िया कलॉ निवासी देवेश विदुआ पुत्र पुरूषोत्तम(41) टेलीकॉम कारोबारी हैं। उन्होंने सोनू पचौरी नाम के व्यक्ति के खिलाफ क्राइम ब्रांच में जबरदस्ती वसूली व धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। इस मामले में क्राइम ब्रांच को आरोपी सोनू पचौरी की तलाश थी। वहीं फरियादी देवेश विदुआ भी अपने स्तर पर आरोपी की तलाश कर रहा था। कल रात देवेश अपने साथी हिमांशु और साले पुनीत के साथ कार से प्लेटीनम प्लाटा माता मंदिर होते हुए जा रहे थे। तभी उन्हें फरार आरोपी सोनू दिखाई दिया। इस पर उन्होंने तुरंत क्राइम ब्रांच में सूचना दी।

पुलिस से डंडा छीनने का प्रयास करता युवक।

क्राइम ब्रांच के कहने पर किया पीछो, रूके तो कर दिए फायर-
आरोपी सोनू पचौरी के दिखाई देने पर क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने देवेश से कहा कि तुम उन पर नजर रखो और पीछा करो। हम पहुंचते हैं। इस पर देवेश, हिमांशु और पुनीत आरोपी का पीछा करने लगे। इस दौरान आरोपी रोशनपुरा, व्हीआईपी रोड, लालघाटी होते हुए अन्य रास्तों से गुजरते हुए पुराने शहर पहुंचे। जहां पर क्राइम ब्रांच ने आरोपी सोनू व उसके साथियों को घेर लिया। तभी आरोपी वहां से भाग निकले और सीधे प्लेटीनम प्लाटा पहुंचे। जहां पर देवेश अपने साथियों के साथ आरोपी सोनू का पीछा करते हुए पहुंच गया। यह देख आरोपी सोनू अपने साथियों के साथ मिलकर देवेश व उसके साथियों से मारपीट कर ताबतोड़ तीन फायर कर दिए। लेकिन कार की आड़ लेने पर वह बच गए।

क्राइम ब्रांच पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया-
इसी बीच क्राइम ब्रांच के एएसआई जुबेर अहमद, प्रधान आरक्षक सुमित शाह, प्रधान आरक्षक सुनील चंदेल और प्रधान आरक्षक संतोष परिहार पीछे से वहां पहुंच गए। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी सोनू को धरदबोचा। तभी उसके साथी गौरव, अश्वनी शर्मा, प्रतीक व अन्य साथियों ने मिलकर क्राइम ब्रांच की टीम पर हमला कर बोल दिया और आरोपी सोनू को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर ले गए। हालांकि पुलिस ने आरोपी प्रतीक जोशी और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों पर दो प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें देवेश विदुआ की ओर से हत्या के प्रयास, बलवा और क्राइम ब्रांच के एएसआई जुबेर अहमद की ओर से शासकीय कार्य में बाधा पहुंचने व सरकारी कर्मचारी से मारपीट का केस है।घटना स्थल से आरोपी अश्वनी को ले जाती पुलिस।

कौन है आरोपी सोनू-
बताया जा रहा है कि आरोपी सोनू पचौरी 22 सौ करोड़ के डिब्बा स्कैम और सीबीआई के केस में मुख्य आरोपी अमित सोनी उर्फ अमित सांवरे का राइट हैंड है। अमित सोनी आॅन लाइन फ्रॉड, आॅनलाइन बैटिंग और आॅन लाइन गेम के मामले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मुख्य आरोपी है। आरोपी सोनू व अमित ने अपने गेस्ट हॉउस में देवेश विदुआ और पुनीत के कई रिश्तेदारों के अंतरंग वीडियो बनाए थे। वह इन वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी अमित सोनी का नेटवर्क दिल्ली, नेपाल और दुबई और पाकिस्तान तक फैला हुआ है।