

The Bees Attack: मधुमखियों ने किसान परिवार पर किया हमला, महिलाओं, बच्चों सहित 7 घायल
पन्ना: पन्ना जिले के ग्राम मनकी कटारिया में घर से खेत जा रहे एक किसान और उसके परिवार पर मधुमक्खियों के एक झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कुल सात लोग घायल हो गए हैं। जिसमे किसान और उसकी पत्नी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान प्रेमसिंह यादव उम्र-60 वर्ष अपने परिवार के साथ खेत की ओर जा रहे थे, तभी घर के पास ही पेड़ पर बेठी बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया। मधुमक्खियों के अचानक और अप्रत्याशित हमले से परिवार के सदस्यों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें मधुमक्खियों ने कई जगह काटा है।
Also Read: Lecturer Suspend: बच्चों को नकल कराने वाली व्याख्याता सस्पेंड
घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह किसान और उसके परिवार वालों की जान बचाई और सभी घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घटना में किसान एवं उसकी पत्नी गुड्डी यादव उम्र-53 वर्ष को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस तरह से मधुमक्खियों का हमला नहीं देखा था। लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि मधुमक्खियों के छत्ते को किसी तरह से छेड़ा गया होगा, जिसके कारण उन्होंने हमला कर दिया।
ड्यूटी डॉक्टर प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।