

कुएं में तैरता मिला ASI नगीन कटारा का शव, अलीराजपुर के बोरी थाने में थे पदस्थ
राजेश जयंत की रिपोर्ट
अलीराजपुर। जिले के बोरी पुलिस थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक नगीन कटारा अपने ससुराल में मृत पाए गए हैं।
बुधवार को वे बोरी से अपने गृह ग्राम रम्भापुर (मेघनगर) जिला झाबुआ गए थे।
सूत्रों के मुताबिक अपने बेटे को वह थांदला छोड़ने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में ही अन्य मित्र मिल गए तो पुत्र उनके साथ थांदला चला गया।
इसी मार्ग पर ASI कटारा का ससुराल ग्राम सजेली भी आता है। उसी गांव संजेली के एक कुएं में गुरुवार को ग्रामीणों ने एक शव तैरता पाया। बाहर निकलने पर शव की पुष्टि नगीन कटारा के रूप में हुई।
कुएं से कटारा का शव मिलने की सूचना मिलते ही मेघनगर पुलिस के साथ ही झाबुआ, थांदला के पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे है।
मामला दुर्घटना, हत्या या आत्महत्या का है, इसकी जांच की जा रही है।
कटारा की दो पुत्रियां और एक पुत्र है। तीनों विवाहित हैं। घर परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक होने के बाद कुएं मे उनका शव मिलना सभी की समझ से परे हैं।
“ASI नगीन कटारा बुधवार शाम को अपने घर के लिए निकले। उन्होंने किसी भी तरह की समस्या को लेकर यहां किसी से कोई चर्चा नहीं की। वे समय पाबंद, कर्तव्य निष्ठ और खुश मिजाज व्यक्ति थे।”
-नेपालसिंह चौहान
थाना प्रभारी बोरी