
केंद्र ने डेप्युटेशन पर मांगे प्रदेश से 44 और IPS अफसर, पुलिस मुख्यालय में बढ़ी बेचैनी
भोपाल : केंद्र सरकार के एक पत्र में पुलिस मुख्यालय की बेचैनी बढ़ा दी है। वहां से आए पत्र ने प्रदेश से 44 और IPS अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति (डेप्यूटेशन) पर भेजने को कहा है। यह मांग ऐसे समय आई है, जब राज्य पहले से ही सीनियर रैंक के अफसरों की कमी से जूझ रहा है और कई महत्वपूर्ण पदों पर अतिरिक्त प्रभार के सहारे व्यवस्था चल रही है।
पत्र सामने आते ही पुलिस मुख्यालय में बेचैनी बढ़ गई है और इसे लेकर कई स्तरों पर गंभीर विचार विमर्श शुरू हो गया है।
सूत्रों की मानी जाए तो केंद्र सरकार से आए पत्र में बताया गया है कि प्रदेश से 69 IPS अफसर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाएं। मध्य प्रदेश कॉडर से कम अफसर प्रतिनियुक्ति पर हैं। इसलिए इस संख्या को पूरी करने के लिए अफसरों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाए। इस पत्र के बाद यहां पर हडकंप मच गया।
। दरसअल प्रदेश मे कुछ रैंक पर अफसरों की कमी है। ऐसे में इन रैंक के अफसरों को सेंट्रल डेप्युटेशन पर भेजने से प्रदेश बच रहा है।
यह है स्थिति
प्रदेश में आईपीएस अधिकारियों की कुल संख्या 319 है, जिनमें से 25 अधिकारी पहले ही केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में 44 और अधिकारियों की मांग प्रदेश की उपलब्ध क्षमता से कहीं अधिक मानी जा रही है। विशेष रूप से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रैंक के अधिकारियों की कमी पहले ही पुलिस मुख्यालय की चुनौती बनी हुई है। नियम के अनुसार, कोई भी IPS अधिकारी आठ वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन करने का पात्र होता है। केंद्र के नए पत्र के बाद अफसरों में भी हलचल बढ़ गई है।
पुलिस मुख्यालय इस समय सबसे अधिक चिंतित इसलिए है क्योंकि प्रतिनियुक्ति का यह दबाव सीधे-सीधे राज्य की कानून व्यवस्था पर असर डाल सकता है। साइबर अपराधों की बढ़ती जटिलता, नक्सल उन्मूलन अभियान के निर्णायक चरण, महिला एवं बाल सुरक्षा के संवेदनशील प्रकरण, और सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा। इन सभी मोर्च पर अनुभवी व वरिष्ठ नेतृत्व की आवश्यकता लगातार बनी हुई है। ऐसे में बड़ी संख्या में अफसरों को बाहर भेजना रणनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
भेजना है 44, आवेदन हुआ एक
केंद्र सरकार के इस पत्र के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी अफसरों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के संबंध में सूचित किया है। इसके बाद एसपी रैंक के आईपीएस वीरेंद्र मिश्रा ने प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए औपचारिक आवेदन दे दिया है। माना जा रहा है कि कुछ और अधिकारी भी केंद्र में अवसर तलाशने पर विचार कर रहे हैं।





