
कलेक्टर ने ओला प्रभावित गांव में पहुंचकर किसानों से की चर्चा, कार्य में लापरवाही पर पटवारी सस्पेंड
खेत-खेत जाकर कलेक्टर ने किया मौका मुआयना
ग्वालियर: जिले के भितरवार क्षेत्र में सोमवार की रात को ओलावृष्टि की सूचना मिलने पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बड़की सराय एवं सिकरौदा गांव में पहुंचकर ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया एवं प्रभावित किसानों से चर्चा की। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने एसडीएम भितरवार एवं रिवेन्यू के समस्त स्टाफ को निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित खेतों के सर्वेक्षण का कार्य तत्काल प्रारंभ करें । उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी प्रभावित किसान सर्वेक्षण में वंचित नहीं रहना चाहिए । साथ ही किसी भी गलत व्यक्ति का नाम सर्वेक्षण में नहीं जुड़ना चाहिए।

ओलावृष्टि की सूचना पर क्षेत्र में नहीं पहुंचने पर बड़कीसराय के पटवारी संजय शर्मा को कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने प्रभावित किसानों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि सभी पीड़ित किसानों को शासन के प्रावधान के अनुरूप मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भितरवार श्री राजीव समाधिया को निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित सभी ग्रामों में प्रारंभिक सर्वेक्षण का कार्य तत्परता से प्रारंभ किया जाए। सर्वेक्षण के दौरान प्रभावित हुए सभी किसानों की सूची नाम एवं रकबे के साथ तैयार की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित कोई भी किसान प्रारंभिक सर्वेक्षण में छूटना नहीं चाहिए। ओलावृष्टि के 4 – 5 दिन बाद कृषि विभाग के दल के माध्यम से भी जिले में सर्वेक्षण का कार्य कराया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रभावित किसानों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ओला प्रभावितों का सर्वेक्षण कार्य तत्परता से किया जायेगा। सर्वेक्षण के उपरांत जो भी प्रभावित किसान हैं उन्हें शासन के प्रावधानों के अनुरूप राहत राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी। इसके साथ ही जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है उन किसानों को भी बीमा कंपनी को 14447 पर सूचना देने के उपरांत कंपनी के माध्यम से बीमे की राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर जिले के विकासखंड भितरवार में 10 से 11 गाँवों में ओले गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। राजस्व का सम्पूर्ण अमला अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर ओला प्रभावितों के संबंध में जानकारी एकत्रित करने का कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री राजीव समाधिया, तहसीलदार सुश्री पूजा मावई, तहसीलदार सुश्री रुचि अग्रवाल सहित राजस्व विभाग का अमला उपस्थित था।





