देश का पहला वर्ल्ड क्लास ….रानी कमलापति स्टेशन पर गंदगी और अव्यवस्था का अंबार

43

देश का पहला वर्ल्ड क्लास ….रानी कमलापति स्टेशन पर गंदगी और अव्यवस्था का अंबार

– स्वच्छ भारत अभियान के बावजूद स्टेशन पर गीला फर्श, भरे कूड़ादान और पानी की बर्बादी यात्रियों के लिए बनी परेशानी

भोपाल : देश का पहला वर्ल्ड क्लास रानी कमलापति रेलवे स्टेशन इन दिनों गंदगी और अव्यवस्थाओं की मार झेल रहा है। जिस स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और स्वच्छता का आदर्श बताया गया था, वहां की हकीकत यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के बावजूद स्टेशन पर गंदगी और कचरे का अंबार यह दशार्ता है कि जिम्मेदार विभाग सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। यात्रियों को यहां मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। गंदगी, गीला फर्श और कूड़ादान की खराब स्थिति यात्रियों के अनुभव को बिगाड़ रही है और स्टेशन की छवि पर भी सवाल खड़ा कर रही है।

प्लेटफार्म पर कचरे के ढेर: प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 के बीच स्थित सीढ़ियों के नीचे काफी कचरा जमा है। यात्रियों की शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। कूड़ादान अक्सर भरे रहते हैं, जिससे लोग आसपास ही कचरा फेंक देते हैं। यह कचरा हवा और यात्रियों की आवाजाही से पटरियों तक पहुंच जाता है।

पानी की बर्बादी और फिसलन का खतरा: स्टेशन पर कई पानी की नल लंबे समय से खराब हैं। बंद होने के बाद भी पानी टपकता रहता है, जिससे फर्श गीला रहता है और यात्रियों के फिसलने का खतरा बना रहता है। इसके साथ प्रतिदिन हजारों लीटर पानी भी बर्बाद हो रहा है।