
दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर अब मई माह से वडोदरा तक सफर आरंभ होने की संभावना
झाबुआ से राजेश सोनी की विशेष रिपोर्ट
दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर आगामी मई माह से वडोदरा तक का सफर शुरू होने की संभावना है । इस बारे में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा संसद में दिए गए जवाब में बताया गया है कि मध्यप्रदेश से गुजरात तक की कनेक्टिविटी मई आरंभ तक शुरू कर दी जाएगी, जो कि वडोदरा तक के लिए होंगी
*अभी ऐसे हो रहा सफर-*
हालांकि मुंबई तक का सफर एक्सप्रेस वे से पूरा करने में अभी दो साल का और समय लग सकता है।
फिलहाल एक्सप्रेस वे जिले के थांदला के पास टिमरवानी तक डेढ़ साल से संचालित हो रहा है। मई तक दिल्ली से लेकर वडोदरा तक का निर्माण पूरा होने के बाद इस सेक्शन को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। अभी गुजरात से आने वाले यात्री बैतूल-अहमदाबाद हाइवे से होकर फूलमाल फाटे से थांदला के रास्ते टिमरवानी पहुंचते हैं। यहां से एक्सप्रेस वे मिलता है। गुजरात के यात्रियों की संख्या काफी अधिक है, ऐसे में एक्सप्रेस वे का निर्माण पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है।
बता दे कि अक्टूबर 2024 में केंद्र ने।टिमरवानी तक संचालन शुरू किया था। इसके आगे का रास्ता बंद करके रखा गया है। वडोदरा सेक्शन में काम अंतिम दौर में है। बताया जा रहा है कि काम पूरा हो चुका है, लेकिन बिजली लाइन, लैंड स्लाइडिंग जैसी कुछ दिक्कतों का हल निकालने में दो से तीन महीने का समय लगेगा।
बताया गया है कि दिल्ली से मुंबई तक 1350 किमी का 8 लेन शुरू होने में दो साल का समय लगेगा। अप्रैल 2028 तक पूरे रोड का संचालन होने लगेगा।
*एनई-4 पर 875 किमी एक्सप्रेस वे चालू*
सड़क परिवहन मंत्रालय के अनुसार 1350 किमी के रोड में से 875 किमी पर संचालन शुरू हो चुका है। इस एक्सप्रेस वे को एनई-4 के नाम से जाना जाता है। इधर जैसे-जैसे वडोदरा तक काम पूरा होने की खबरें हैं, वैसे ही जिले के हिस्से में बने दो रेस्ट पॉइंट के संचालन की भी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। जिले में एक छोटा और एक बड़ारेस्ट पाइंट है।





