उप मुख्यमंत्री गांव चलो अभियान में सीधे ग्रामीणों ओर किसानों से जुड़े, जनसंवाद का बना प्रभावी माध्यम

55

उप मुख्यमंत्री गांव चलो अभियान में सीधे ग्रामीणों ओर किसानों से जुड़े, जनसंवाद का बना प्रभावी माध्यम

उप मुख्‍यमंत्री श्री देवड़ा गांव चलो अभियान अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचे

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने गांव चलो अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं किसानों से आत्मीय संवाद किया।
तीन दिनों से जारी गांव चलो अभियान में शनिवार को वे ग्राम मुंदडी, सिंदपन, ढाबला चौपाटी, दौरवाडा, बादपुर सहित कई गांवों में पहुंचे। सीधे किसानों, ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं से संवाद किया।

WhatsApp Image 2026 04 11 at 18.51.20

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष में मल्हारगढ़ सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के माध्यम से हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों को न केवल सिंचाई सुविधा मिलेगी बल्कि बिजली की समस्या से भी राहत मिलेगी। चंबल नदी का पानी सीधे खेतों तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के सपने को याद करते हुए कहा कि देशभर में नदियों को जोड़ने के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जिससे सूखा और बाढ़ जैसी समस्याओं से स्थायी समाधान संभव होगा।

WhatsApp Image 2026 04 11 at 18.51.21

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत सभी वर्गों के लोगों के कार्ड बनाए गए हैं, जिसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है। किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी सभी पात्र किसानों को मिल रहा है। इसके साथ ही गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें सम्मानजनक जीवन मिल सके।

उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि देश की मिट्टी से जुड़े उत्पादों को अपनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से गांव की स्वच्छता बनाए रखने, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकें।

WhatsApp Image 2026 04 11 at 18.51.21 1

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है तथा सांदीपनी विद्यालयों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी विकास की यह गति जारी रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला योजना समिति सदस्य एवं जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेश दीक्षित जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा वरिष्ठ नेता जीवन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पत्रकार संपादक श्री गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री

मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को अपने व्यस्त शेड्यूल कार्यक्रम के बीच उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा को जानकारी मिली कि ब्रेन मास्टर समाचार पत्र संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री हरीश गुप्ता का आकस्मिक निधन हो गया। इस मौके दुःख व्यक्त करते हुए अंतिम यात्रा के पूर्व पिपलिया मंडी क्षेत्र में पहुंच कर श्री गुप्ता के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए परिवार जनों को धैर्य बंधाया।