
भोपाल जिला बीजेपी कार्यकारिणी बनवाने की जिम्मेदारी अब जिला प्रभारी को, जारी होकर होल्ड हुई लिस्ट में आधे दर्जन नामों पर आईं आपत्ति
भोपाल: भोपाल शहर की जिला कार्यकारिणी को लेकर सामने आए विवाद और शिकायतों को अब जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा सुलझाते हुए नए सिरे से नाम तय करेंगे। इसमें अब आधा दर्जन से ज्यादा नामों पर आपत्ति प्रदेश भाजपा दफ्तर तक पहुंच चुकी है। मंगलवार की शाम को जिला कार्यकारिणी घोषित हुई थी, चंद मिनट बाद ही विवाद सामने आ गए और लिस्ट को होल्ड करना पड़ा। इस लिस्ट में आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री, आठ मंत्री सहित कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री सहित 36 लोगों की कार्यकारिणी घोषित की थी। अब जिला कार्यकारिणी को लेकर फिर से विचार विमर्श किया जाएगा। जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा जिलों के सभी नेताओं, विधायकों से कार्यकारिणी को लेकर बातचीत करेंगे।
ये भी विवाद आ रहे सामने
होल्ड हुई लिस्ट में नगर निगम के पार्षदों और उनके परिजनों को खासा महत्व दिया गया है। जिसमें पार्षद एवं एमआईसीअशोक वाणी, पार्षद शिखा मोनू गोहिल को उपाध्यक्ष, पार्षद एवं एमआईसी मैंबर मनोज राठौर को महामंत्री और सुषमा बाबिशा को मंत्री बनाया गया है। वार्ड 32 की पार्षद आरती अनेजा के पति राजू अनेजा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं नगर निगम चुनाव में वार्ड 27 से चुनाव हार चुकी प्रतिक्षा ब्रहभट्ट को मंत्री बनाया गया है। एमआईसी की पूर्व सदस्य लक्ष्मी ठाकुर को भी मंत्री बनाया गया है। होल्ड की गई लिस्ट में उपाध्यक्ष, महामंत्री और मंत्री की संख्या 18 है, जिसमें से 7 ऐसे नेता है जो नगर निगम से जुड़े रहे हैं। मन की बात के सह प्रभारी राजेश खटीक की पत्नी भी पार्षद हैं।





