UP से सटी सीटों पर वहां की हवा का दिखा असर,भाजपा की जीत का मार्जिन हुआ कम

307

 

UP से सटी सीटों पर वहां की हवा का दिखा असर,भाजपा की जीत का मार्जिन हुआ कम

भोपाल:मध्य प्रदेश में भले ही भाजपा की जबरदस्त लहर चली हो, लेकिन उत्तर प्रदेश में बने चुनावी माहौल की हवा का असर भी यहां पर दिखाई दिया। उत्तर प्रदेश से सटी मध्य प्रदेश की कुछ लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रचंड जीत दर्ज करने में सफल नहीं रही। इनमें से तीन सीटों पर उसकी जीत एक लाख से कम वोटों से हुई है।

लोकसभा चुनाव में भाजपा को इस बार बड़ा झटका लगा। वहां पर उसकी सीटें आधी हो गई। भाजपा के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चली हवा का असर मध्य प्रदेश की भी कुछ सीटों पर दिखाई दिया। हालांकि यहां पर भाजपा की लहर इतनी हावी थी कि उत्तर प्रदेश की हवा अपना पूरा असर नहीं दिखा सकी, लेकिन उस हवा के रूख ने प्रदेश की कुछ सीटों पर जीत का अंतर पिछले चुनाव की तुलना में कम कर दिया।

सतना सीट पर भाजपा के गणेश सिंह चुनाव जीते हैं। उन्होंने 84 हजार 949 मतों से कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धार्थ कुशवाह को हराया। यहां पर बसपा से चुनाव लड़े नारायण त्रिपाठी ने एक लाख 85 हजार से अधिक वोट प्राप्त किए। पिछला चुनाव गणेश सिंह यहां से सवा दो लाख से ज्यादा मतों से जीते थे।

इसी तरह भिंड सीट से यह सीट भाजपा की संध्या राय ने 64 हजार 840 वोटों से जीती। उन्होंने कांग्रेस के फूल सिंह बरैया को चुनाव हराया। यहां पर बसपा उम्मीदवार देवाशीष जरारिया को 20 हजार 465 वोट मिले। पिछले चुनाव में संध्या राय यहां से तीन लाख वोटों से जीती थी।

वहीं मुरैना सीट भी उत्तर प्रदेश से सटी हुई हैं। यहां पर भी भाजपा की जीत का अंतर कम हुआ है। पिछले चुनाव में यहां से भाजपा करीब सवा लाख वोटों से जीती थी। इस बार भाजपा के शिवमंगल सिंह तोमर यह चुनाव 52 हजार 503 वोटों से जीते हैं। यहां से दूसरे नंबर पर कांग्रेस के सत्यपाल सिंह सिकरवार रहे, जबकि बसपा से उम्मीदवार रमेश गर्ग को 1 लाख 79 हजार से ज्यादा वोट मिलें।