महिला, बच्चों और किसानों पर कितना खर्च होगा बजट में बताएगी सरकार,जेंडर बजट, चाइल्ड बजट और कृषि बजट भी होंगे पेश

197

 

महिला, बच्चों और किसानों पर कितना खर्च होगा बजट में बताएगी सरकार,जेंडर बजट, चाइल्ड बजट और कृषि बजट भी होंगे पेश

भोपाल:महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध भाजपा सरकार इस बार आम जनता को बताएगी कि महिलाओं, बच्चों और किसानों पर कुल बजट का कितना हिस्सा खर्च किया जाएगा। इसके लिए बजट मेें जेंडर बजट, चाईल्ड बजट और कृषि बजट भी पेश किए जाएंगे।

राज्य सरकार महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आर्थिक उन्नति के लिए अनेक कार्यक्रम संचालित कर रही है। शासकीय कार्यक्रमों के संचालन में इस प्रतिबद्धता को सुस्पष्ट करने के लिए जेंडर बजट एक सक्षम माध्यम है। जेंडर बजट के माध्यम से सरकार की नीतियों एवं महिलाओं के लिए वित्तीय संसाधनों को उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता में सामंजस्य स्थापित किया जाता है। इस उद्देश्य से इस बार बजट में जेंडर बजट का अलग से समावेश किया जाएगा। इसके लिए खंड छह में जेंडर बजट पेश किया जाएगा। वित्त विभाग ने सभी विभागों से कहा हेै कि वे जेंडर बजट में जिन योजनाओं में सौ प्रतिशत राशि महिलाओं और बालिकाओं के लिए प्रस्तावित है उसका अलग जिक्र करे और जिन योजनाओं में तीस प्रतिशत राशि महिलाओं और बालिकाओं के लिए प्रस्तावित है उनका जिक्र करे।

इसी तरह प्रदेश के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस चाइल्ड बजट भी प्रस्तुत किया जाएगा। चाइल्ड बजट में श्रेणी एक और दो के अंतर्गत यह जिक्र किया जाएगा कि बच्चों पर शत प्रतिशत राशि किन मदों में और तीस प्रतिशत प्रावधान किन मदों में किया जाएगा। खंड दस में चाइल्ड बजट पेश किया जाएगा।

राज्य सरकार मध्यप्रदेश में खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है किसानों को उनके हितों से जुड़ी योजनाओं तथा उनमें प्रावधानित राशि की जानकारी सुगमता से मिल सके इस उद्देश्य से खंड आठ में कृषि बजट आम बजट में पेश किया जाएगा।