माँ बागेश्वरी धाम सगूर भगूर से 11 हजार शिवभक्तों के साथ भव्य आस्था यात्रा का होगा आगाज

सचिन यादव और अरूण यादव के साथ स्थाई 1100 शिवभक्त भी आस्था यात्रा में लगातार करेंगें पदयात्रा

887

माँ बागेश्वरी धाम सगूर भगूर से 11 हजार शिवभक्तों के साथ भव्य आस्था यात्रा का होगा आगाज

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

खरगोन: महिष्मति सेवा न्यास के तत्वावधान में बुधवार को माँ बागेश्वरी धाम सगूर भगूर से प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री और विधायक सचिन यादव द्वारा प्रातः 8.00 बजे 6 दिवसीय आस्था यात्रा की शुरूआत की जाएगी। भगवान भोलेनाथ की भक्ति से ओतप्रोत लगभग 92 किमी से अधिक की यह पदयात्रा कसरावद विधानसभा क्षेत्र के 37 गाँवों से होते हुए नर्मदा किनारे भोईन्दा कठोरा में 11 शिवलिंगी महादेव आश्रम पर दिनांक 7 अगस्त 2023 को समाप्त होगी।

इस आस्था यात्रा में पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव भी पूरे समय आस्था यात्रा के साथ पदयात्रा करेंगे। पूर्व कृषि मंत्री और विधायक सचिन यादव ने उत्साहित होकर बताया कि माँ बागेश्वरी धाम सगुर भगुर से 11 हजार से भी अधिक शिवभक्तों के साथ आस्था यात्रा का भव्य आगाज होगा। इस 6 दिवसीय भव्य आस्था यात्रा में सचिन यादव और अरूण यादव के साथ स्थाई 1100 आस्था यात्री भी लगातार साथ में पदयात्रा करेंगे। बुधवार से सोमवार तक कसरावद विधानसभा क्षेत्र के गाँवों में भव्य आस्था यात्रा के साथ शिवभक्ति की गंगा बहेगी।

पूर्व कृषि मंत्री और विधायक सचिन यादव ने बताया कि इस भव्य आस्था यात्रा की समस्त मैदानी तैयारियाँ कर ली गई हैं। इस 6 दिवसीय आस्था यात्रा का मुख्य संदेश बेहतर कल के लिए प्रकृति का संवर्धन और संरक्षण होगा। आस्था यात्रा के दौरान पड़ने वाले सभी 37 गाँवों में 51 त्रिवेणी रोपी जाएगी और वृक्षारोपण भी किया जाएगा। आस्था यात्रा के रात्रि विश्राम स्थलों बिटनेरा, बोरावां, कसरावद, सोनखेड़ी और भोईन्दा में आस्था यात्री शिवभक्तों द्वारा भगवान शिव की स्तुति की जाएगी। भोलेनाथ के भजनों की संगीतमयी प्रस्तुति होगी।

देवी आराधना और शिव पूजन अभिषेक से होगा आस्था यात्रा का आगाज

सचिन यादव ने बताया कि 11 विद्वान आचार्य और पण्डितों के सानिध्य में सगुर भगुर में माँ बागेश्वरी, मोटी माता और भगवान शिव का पूजन अभिषेक कर इस आस्था यात्रा का भव्य आगाज होगा। यह आस्था यात्रा बलखड़िया होते हुए दोपहर में रेहगाँव पहुँचेगी। यहाँ पर दोपहर भोज के लिए आस्था यात्रा का विराम होगा। पहले दिन लगभग 22 किमी का पैदल सफर तय करते हुए यह आस्था यात्रा अंदड़, मछलगॉव, अदलपुरा बडिया फाटे से होते हुए बिटनेरा पहुँचेगी। बिटनेरा में आस्था यात्रियों का भोज और रात्रि विश्राम होगा।