
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल!
Ratlam : शहर की बाजना रोड़ स्थित लक्कड़पीठा में रांका ऑटो मोबाइल्स पर टू व्हीलर ऑटो गैरेज एसोसिएशन के बेनर तले बुधवार को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर तकनीकी प्रशिक्षण आयोजन किया गया जिसमें शहर के ऑटोमोबाइल कंपनी के संचालक तथा गैरेज संचालकों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य सुभाष कुमावत, एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद काकानी रहे जिनका महामंत्री राजेश रांका ने मोतियों की माला पहनाकर स्वागत कर किया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य सुभाष कुमावत ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिकाधिक उपयोग करें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के दृष्टिकोण से भी इलेक्ट्रिक वाहनों को भविष्य की आवश्यकता बताया। एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद काकानी ने बताया कि संगठन द्वारा इलेक्ट्रॉनिक बैटरी चलित वाहनों की नई तकनीक की जानकारी देने के लिए यह कार्यशाला आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से गैरेज संचालक इलेक्ट्रिक वाहनों की मरम्मत और तकनीकी सेवाएं अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध करा सकेंगे। साथ ही शीघ्र ही काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से एक और तकनीकी कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

कार्यक्रम प्रभारी एवं महासचिव राजेश रांका ने इलेक्ट्रिक वाहनों में उपयोग होने वाले विभिन्न पार्ट्स की जानकारी दी। वहीं मास्टर ट्रेनर इलेक्ट्रिक इंजीनियर श्रेयांश राजेश रांका ने इलेक्ट्रिक बैटरी चालित वाहन के पुर्जों को खोलकर उनके नाम एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन वाहनों में लिथियम बैटरी का उपयोग अधिक लाभकारी हैं क्योंकि इससे वाहन की चलने की क्षमता, आयु एवं वारंटी अवधि बढ़ती है। लिथियम बैटरी सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहतर होती है तथा रिपेयरिंग में ग्राहकों को अनेक लाभ मिलते हैं।
कार्यशाला में वरिष्ठ टेक्नीशियन सुनील परिहार एवं इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर मुकेश चौहान का भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। गैरेज संचालक गफ्फार भाई, मोहन भाई, अनिल आचार्य, सुनील शर्मा, सुरेंद्र सिंह सिसोदिया, साबिर मंसूरी, तेजू भाई, अंसार भाई, अयाज भाई, मनोज कुमावत, सुशील परिहार, लखन भाई, विक्रम ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहें। संचालन राजेश रांका ने तथा आभार साबिर रहमानी ने माना!





