ADG राजा बाबू सिंह के घर के बाहर उत्पात मचाने वाले बदमाश गिरफ्तार, आपसी विवाद में उलझ रहे थे

30

ADG राजा बाबू सिंह के घर के बाहर उत्पात मचाने वाले बदमाश गिरफ्तार, आपसी विवाद में उलझ रहे थे

भोपाल: पुलिस मुख्यालय की प्रशिक्षण शाखा के एडीजी राजा बाबू सिंह के बंगले के बाहर उत्पात मचाने वाले दोनों आरोपियों को शाहपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की है। साथ ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर समेत डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक पीएचक्यू प्रशिक्षण शाखा के एडीजी के बंगले के बाहर 17 मार्च की सुबह दो अज्ञात युवक पहुंचे थे। कार से एक युवक डंडा लेकर उतरा और ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को गाली देने लगा। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आपको बता दें कि राजा बाबू नए आरक्षकों को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में रामचरित्र मानस और गीता का पाठ पढ़ाने के निर्देश के बाद सुर्खियों में आए थे। एडीजी राजा बाबू सिंह को शंका जाहिर की थी कि ट्रेनिंग सेंटर में नए नवाचारों से कुछ लोग नाराज है।

शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के नाम नितेश चौरसिया और रूद्राक्ष यादव हैं, और दोनों भोपाल के रहने वाले हैं। दोनों का अपराधिक रिकार्ड भी देखा जा रहा है, और वह प्रायवेट काम करते हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह गलत पते पर पहुंच गए थे, और इसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया था। जबकि दोनों आपस में दोस्त हैं। इतना ही नहीं उनका एडीजी के कर्मचारियों से किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ है। इसकी सूचना भी पुलिस के आला अफसरों को दे दी गई है।