
मुंबई वसई में 4 मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा ढहा, 3 की मौत, मलबे में कई लोगों के दबे होने का अंदेशा, 11 लोगों को सुरक्षित निकाला
मुंबई: मुंबई के वसई इलाके में 4 मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा रहने से तीन लोगों की मौत की खबर आ रही है। मलबे में कई लोगों के दबे होने का अंदेशा है। अभी तक 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
मुंबई के वसई इलाके के नारंगी रोड पर स्थित रमाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा देर रात अचानक गिर गया। इस चार मंजिला इमारत का भाग चामुंडा नगर और विजय नगर के बीच है। हादसे के वक्त इमारत में कई लोग मौजूद थे और मलबे में फंसे होने की आशंका है।
घटना के तुरंत बाद वसई-विरार नगर निगम का अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचा। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की दो टीमें भी बचाव कार्य में जुट गईं। टीमों ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अब तक 11 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला है। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं। सभी घायल लोगों को विरार और नाला सोपारा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हालांकि यह इलाका प्रशासनिक रूप से मुंबई सबअर्बन का हिस्सा है, लेकिन पालघर जिले में आता है। पालघर पुलिस के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है और मलबे में फंसे अन्य लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल को सुरक्षा के कड़े इंतजाम के साथ घेर लिया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने इमारत गिरने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है। आसपास के अन्य इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि कोई और हादसा न हो सके।





