WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

हरिओम योगपीठ की “योग यात्रा” में गूंजा स्वस्थ भारत का संकल्प, यात्रा में बड़ी संख्या में योग साधक हुए शामिल

37
WhatsApp Image 2026 06 18 At 16.49.44

हरिओम योगपीठ की “योग यात्रा” में गूंजा स्वस्थ भारत का संकल्प, यात्रा में बड़ी संख्या में योग साधक हुए शामिल

इंदौर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हरिओम योगपीठ द्वारा गुरुवार प्रातः एम.आर.-4 गार्डन, महालक्ष्मी नगर से एक भव्य एवं प्रेरणादायी “योग यात्रा” निकाली गई। इस यात्रा में शामिल हुए योग साधकों ने क्षेत्र के नागरिकों को योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया।

योग यात्रा में हरिओम योगपीठ के योग गुरु रमेश पाटिल, तुलसी नगर योगपीठ के योग गुरु प्रेम कैरो, स्थानीय पार्षद संगीता महेश जोशी, राजेश तोमर, के के झा, अमित त्रिवेदी, संजय यादव, शंभूनाथ सिंह, राकेश जायसवाल, शैलेंद्र निगम , हेमंत शर्मा, के एन सिंह, अनिल भाटिया, अनिल जैन सहित बड़ी संख्या में महालक्ष्मी नगर, तुलसी नगर, साई कृपा कॉलोनी, पुष्प विहार एक्सटेंशन, राधिका पैलेस सहित निपनिया क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के योग साधक रहवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। प्रातः साढ़े छह बजे से ही योग साधकों का एम.आर.-4 गार्डन में जुटना प्रारंभ हो गया था।

WhatsApp Image 2026 06 18 at 16.49.43

यात्रा के शुभारंभ से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योग एवं प्राणायाम सत्र में भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।

योग, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली से जुड़े प्रेरक नारों, योग भजनों एवं मधुर संगीत की गूंज के बीच प्रारंभ हुई यात्रा ने पूरे मार्ग में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिभागियों ने हाथों में संदेश-पट्टिकाएं लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। यात्रा के दौरान नागरिकों को योग और प्राणायाम के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई तथा उन्हें तनावमुक्त, ऊर्जावान और रोगमुक्त जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

महालक्ष्मी नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यह योग यात्रा पुनः एम.आर.-4 गार्डन पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया तथा योग के प्रति अपनी सकारात्मक प्रतिबद्धता व्यक्त की।

हरिओम योगपीठ के वरिष्ठ योग साधक जैनेंद्र सांवला, कैलाश मकवाना, नारायण प्रसाद पगारे ने बताया कि योग एवं प्राणायाम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा को नागरिकों का अभूतपूर्व समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर स्वस्थ रहने की एक वैज्ञानिक और प्रभावी जीवन पद्धति है।

हरिओम योगपीठ की वरिष्ठ योग साधिका रेणु जैन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। वर्तमान समय में जब जीवनशैली जनित बीमारियां और मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहे हैं, तब योग एवं प्राणायाम स्वस्थ, जागरूक और सकारात्मक समाज निर्माण की सबसे प्रभावी आवश्यकता बन गए हैं।

उन्होंने नागरिकों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ही नहीं, बल्कि वर्षभर नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम अपनाकर स्वयं, परिवार और समाज को स्वस्थ बनाने का आह्वान किया।