
लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर नवीन भवन में स्थानांतरित, यात्रियों को अब नए भवन से ही मिलेगी टिकट एवं प्लेटफॉर्म तक सीधी पहुंच सुविधा!
Indore/Ratlam : पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल अंतर्गत लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। स्टेशन के नवीन भवन में विभिन्न परिचालन एवं यात्री सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित किया जा रहा है। इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग काउंटर को भी पुराने स्टेशन भवन से नवीन भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि

स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म एवं अतिरिक्त रेलवे लाइन के निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इसके लिए पुराने स्टेशन भवन को हटाया जाना है तथा इस उद्देश्य से भवन को पूर्णतः खाली कर दिया गया है। इससे पूर्व 12 जून 2026 को ट्रेन परिचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक नवीन स्टेशन भवन में स्थानांतरित किया जा चुका है।

अब यात्री नवीन स्टेशन भवन स्थित टिकट काउंटर से टिकट प्राप्त कर सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकते हैं। यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत नवीन भवन में यात्री सुविधाओं से संबंधित अन्य कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर हैं। शीघ्र ही पुराने स्टेशन भवन को हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी, जिससे नए प्लेटफॉर्म एवं रेलवे लाइनों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने के पश्चात लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं, आकर्षक अधोसंरचना एवं बेहतर परिचालन व्यवस्थाओं से युक्त एक विकसित एवं आधुनिक रेलवे स्टेशन के रूप में क्षेत्रवासियों को समर्पित होगा!





