उत्तर-पूर्व से आई मिशन-2024 की बयार…

496

उत्तर-पूर्व से आई मिशन-2024 की बयार…

भाजपा की राष्ट्रीय‌ कार्यसमिति के समापन के दूसरे दिन यानि 18 जनवरी 2023 को ही उत्तर पूर्व के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान हो गया है। यानि कि राष्ट्रीय कार्यसमिति में मिली नसीहतों की परीक्षा उत्तर पूर्व से शुरू होकर उत्तर भारत, पश्चिम भारत और दक्षिण भारत में होगी। और उसके बाद मिशन-2024 का असल संग्राम होगा। वर्ष 2023 में देश के नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनकी शुरुआत तीन राज्यों मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा से हो रही है। त्रिपुरा में 16 फरवरी 2023 एवं मेघालय और नागालैंड में 27 फरवरी 2023 को मतदान होगा। जब 2 मार्च 2023 को इनके नतीजे आएंगे, तब एक बार राज्य सरकारों के अलावा भाजपानीत केंद्र सरकार की योजनाओं पर भी खुलकर चर्चा होगी।
फिलहाल तो मोदी ने राष्ट्रीय‌ कार्यसमिति में नसीहत दी है कि मुस्लिम समाज को लेकर गलत बयानबाजी ना करें। पीएम ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मेहनत करने के लिए कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप ऐसा ना सोचें कि पीएम मोदी आएंगे और हम चुनाव जीत जाएंगे। हमें आजादी के अमृत काल को कर्तव्य काल में बदलना है। पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को टास्क दिया। उन्होंने कहा कि हमें हर दिन लोगों से मिलना है। सीमवार्ती गांवों में संगठन को मजबूत करना है। सामाजिक समरसता के लिए हर गांव में जाना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि हम सर्वोत्तम काल के साक्षी बन सकते हैं। बीजेपी अब एक राजनीतिक आंदोलन नहीं है, अब एक सामाजिक संगठन भी है। तो मोदी ने यह भी नसीहत दी कि फिल्मों को लेकर बयानबाजी न करें। मध्यप्रदेश में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इस नसीहत पर पहले दिन से ही अमल शुरू कर दिया है। मीडियाकर्मियों ने गांधी और गोडसे पर प्रतिक्रिया चाही तो कभी पीछे न हटने वाले डॉ. मिश्रा ने कन्नी काट ली। सभी भाजपा नेता इस मामले में एकमत हैं कि मोदी ने जो राह दिखा दी, वही भविष्य है। और भाजपा नेताओं को यह भी भरोसा है कि उनका भविष्य पार्टी के साथ उज्जवल है।
उत्तर-पूर्व से आई मिशन-2024 की बयार...
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समापन के अगले दिन ही मध्यप्रदेश सरकार ने भी दौड़ना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रीगणों के साथ बैठक की। उन्होंने जिला कलेक्टर और जिला प्रशासन से मंत्रीगण से चर्चा कर रूट मैप तैयार कर विकास यात्रा की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया। इसमें हितग्राहियों को लाभ, हितग्राहियों से चर्चा और संवाद शामिल है। जिला मुख्यालय के अलावा ब्लॉक में भी मंत्रियों के दौरे होंगे। सीएम ने अपेक्षा जताई कि इसकी ठीक योजना बने ताकि योजनाओं का लाभ व्यवस्थित रूप से सबको मिल सके। और यह भी कहा कि दौरे के दौरान विकास के लक्ष्यों का उद्देश्य पूरा हो और मंत्रीगण लौटने के बाद रिपोर्ट देंगे। विकास यात्रा संत रविदास जी की जयंती 5 फरवरी से शुरू होगी।
तो मध्यप्रदेश में फरवरी का महीना विकास यात्रा के नाम है। 
2023 में विधानसभा चुनावों की शुरूआत त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड से हो रही है तो साल के अंत में राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और कर्नाटक के साथ मध्यप्रदेश को भी कड़ी परीक्षा के दौर से गुजरना है। यहां पर मोदी की नसीहतों पर अमल शुरू हो गया है। मिशन-2024 के पहले मध्यप्रदेश का मिशन-2023 सबसे महत्वपूर्ण है, जिस पर सबकी नजर है। तो उत्तर-पूर्व से मिशन-2024 की बयार आई है, जिसका क्लाइमेक्स दिसंबर में मध्यप्रदेश भी रहेगा और पूर्णाहुति आम चुनाव पर होगी…।