Threat Call : मुंबई पुलिस को धमकी ‘नए साल पर शहर में होंगे धमाके!’ 

पुलिस विभाग में हड़कंप के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर, चारों तरफ नजर! 

569

Threat Call : मुंबई पुलिस को धमकी ‘नए साल पर शहर में होंगे धमाके!’

Mumbai : नए साल पर पुलिस के सख्त इंतजाम को देखते हुए मुंबई पुलिस के पास कुछ धमकी भरे फोन आने लगे। एक फोन में धमकी दी गई ‘मुंबई में धमाके होंगे!’ इतना कहकर फोन कट गया। इस कॉल के बाद सभी पुलिस स्टेशन और क्राइम यूनिट्स को अलर्ट कर दिया। पुलिस को यह जानकारी लगते ही हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया की यह कॉल कल शाम 6 बजे के करीब आया, जिसके बाद पुलिस ने कई जगह जांच भी की, पर अभी कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।

आज 2023 का आखिरी दिन है, इस मौके पर शहर के कई होटलों और चौराहों पर नए साल का जश्न मनाने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। नए साल की की तैयारी को देखते हुए मुंबई पुलिस के द्वारा भी कड़े बंदोबस्त किए हैं। धमकी भरा कॉल आने के बाद मुंबई पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह कॉल किसने किया और उसका मकसद क्या था!

WhatsApp Image 2023 12 31 at 19.13.01

नए साल के एक दिन पहले मुंबई में शाम के समय किसी भी तरह घटना को रोकने के लिए राज्य रिजर्व पुलिस बल और त्वरित प्रतिक्रिया दल के कर्मियों सहित 15 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। मुख्य सड़कों व महत्वपूर्ण स्थानों पर जांच चौकियां बनाई गई है। साथ ही छेड़छाड़ करने वालों, हंगामा करने वालों और अवैध शराब व मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, दादर, बांद्रा, बैंडस्टैंड, जुहू, मध व मार्वे के समुद्री तटों और उन जगहों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जहां 31 दिसंबर को बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा इंतजाम के हिस्से के रूप में 22 पुलिस उपायुक्तों, 45 सहायक आयुक्तों, 2051 अधिकारियों और 11, 500 सिपाहियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है।

धमकी भरे कॉल का यह पहला मामला नहीं है। एक फोन करने वाले ने भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के इस्तीफे की मांग की थी। जांच में पता चला कि यह एक धोखा था। वहीं मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने धमकी भरे मेल के मामले में गुजरात के वडोदरा से 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।