पार्षद सहित 3 व्यक्तियों पर 500-500 रुपए का अर्थदण्ड, न्यायालय परिसर में गुटखा सेवन कर थूकने पर कार्यवाही

55

पार्षद सहित 3 व्यक्तियों पर 500-500 रुपए का अर्थदण्ड, न्यायालय परिसर में गुटखा सेवन कर थूकने पर कार्यवाही

छतरपुर: छतरपुर जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह गुर्जर ने न्यायालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने हेतु मौके पर ही कड़ी कार्यवाही करते हुए, गंदगी फैलाने पर भाजपा पार्षद सहित 3 व्यक्तियों पर 500-500 का अर्थदण्ड किया गया है।

मामले में बार संघ अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला न्यायालय परिसर की गरिमा एवं स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह गुर्जर द्वारा शनिवार को सख्त कार्यवाही की गई। न्यायालय परिसर में गुटखा सेवन कर थूकने तथा न्यायालय की सार्वजनिक संपत्ति को गंदा करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को दोषी पाया गया, जिनके विरुद्ध 500-500 रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। जिनमें भाजपा पार्षद बिलाल खान पिता साकिर अहमद निवासी बसारी दरवाजा, शानू शाह पिता मोहम्मद सउद्दीन निवासी बसारी दरवाजा, जितेन्द्र कुशवाहा पिता जंकी कुशवाहा निवासी गोरईया शामिल हैं।

उक्त कार्यवाही के दौरान अधिवक्ता जितेन्द्र मांगली, राजा भदौरिया सहित अन्य अधिवक्तागण भी जिला रजिस्ट्रार के साथ न्यायालय परिसर का निरीक्षण करते हुए उपस्थित रहे। न्यायालय प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि न्यायालय परिसर एक गरिमामय सार्वजनिक स्थल है, जहाँ स्वच्छता, अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं कानूनी दायित्व है। परिसर में गंदगी फैलाने अथवा अनुशासन भंग करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।