Ticket Claimants Angry : पार्षद का टिकट न मिलने से दावेदार नाराज, नारेबाजी और इस्तीफे की धमकी

कैलाश विजयवर्गीय ने सभी असंतुष्टों को मनाने दावा किया, कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी

1065

 

Indore : भाजपा और कांग्रेस पार्षद पद प्रत्याशी बनने के लिए बड़ी संख्या में दावेदार सामने आ रहे थे। इसके चलते पहले से ही यह तय माना जा रहा था कि जिस दावेदार को टिकट नहीं मिलेगा, वह नाराज होगा और हुआ भी यही। दोनों ही प्रमुख दलों में टिकट न मिलने से कई दावेदार नाराज हो गए और कुछ तो खुलकर प्रत्याशी का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस की तरह भाजपा में भी विरोध सड़क तक दिखाई दिया।

भाजपा में टिकट नहीं मिलने से कई कार्यकर्ताओं और दावेदारों की नाराजगी लगातार सामने आ रही है। टिकट वितरण के बाद से ही कई वार्ड में सामूहिक इस्तीफे देने और लगातार विरोध-प्रदर्शन का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में वार्ड 54 और वार्ड 36 के कार्यकर्ताओं ने उनके वार्ड में बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा उठाते हुए जमकर हंगामा किया। वार्ड 50 के भाजपा उम्मीदवार पर एक धोखाधड़ी में आरोपी होने पर भी टिकट देने पर विरोध हुआ। दोनों ही प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस ने अपने 85 वार्डों की सूची जारी की। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस के कई दावेदार नाराज हुए और विरोध के स्वर सड़क पर गूंजने लगे। भाजपा में विरोध तो लिस्ट जारी होते ही शुरू हो गया था। लेकिन, कांग्रेसियों की आवाज देर रात गुंजी। इसका असर आज सुबह से दिखाई दिया। भाजपाइयों का विरोध बलराम वर्मा, संजय अड़सपुरकर, संजय वर्मा और उनके परिजनों को टिकट नहीं मिलने पर हुआ। इसके पीछे नाम जीतू जिराती का लिया गया। कुछ लोगों ने अलग टिकट मामले में मधु वर्मा को भी निशाने पर लिया। लोगों ने मधु वर्मा पर सामान्य वर्ग को नाराज करने का आरोप भी लगाया। वार्ड 64 में भाजपा के मनीष शर्मा मामा का भी विरोध शुरू हुआ। यहां से सिंधिया समर्थक पवन जायसवाल भाजपा से टिकट मांग रहे थे।            IMG 20220619 WA0045

कई घोषित उम्मीदवारों का विरोध

उधर, विधानसभा 1 के वार्ड 11 में लम्बे समय बाद मांगीलाल रेडवाल का टिकट कटा और उनकी नाराजगी भी दिख रही है। यहां से कमल वाघेला को टिकट मिला। इससे प्रजापत समाज भी नाराज है। उनके प्रमुख रूप से मांगीलाल रेडवाल, सत्यनारायण प्रजापत, मदन प्रजापत को टिकट नहीं मिले। कल रात से ही मांगीलाल रेडवाल के इस्तीफे की बात भी सामने आ रही थी। वहीं 54 में भी पुराने भाजपा नेता मंजू राकेश गोयल ने टिकट नहीं मिलने पर अपने पदों से इस्तीफे की बात कही है और भाजपा प्रत्याशी को बाहरी बताया। वहीं वार्ड 50 में भी राजीव जैन के टिकट को लेकर भी विरोध के स्वर गूंजे। पिपलियाहाना चौराहा पर भाजपा के लीग अपने दल के झंडे लेकर राजीव जैन का विरोध करते नजर आए। उन पर धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी होने का भी आरोप लगा, जिसमें उनकी गिरफ़्तारी भी हुई है। वार्ड 42 में भी भाजपाइयों ने बाहरी उम्मीदवार का विरोध किया और स्थानीय उम्मीदवार की मांग की और अगर टिकट बाहरी का नहीं बदलता है तो इस्तीफों की बात भी की है।

असंतुष्टों को मनाने का भरोसा

रविवार सुबह 10 बजे भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय जब भाजपा ऑफिस में पत्रकार वार्ता करने पहुंचे, तो उन्होंने कहा कि मैं 1983 में चुनाव लड़ा तो पार्टी ने खुद टिकट दिया। इस बार 85 वार्डों के लिए 900 पार्षद उम्मीदवारों के आवेदन आए हैं। जिन्हें टिकट नहीं मिला है, उनमें से अधिकांश असंतुष्टों को मना लिया गया है। बाकी को भी मना लेंगे। विजयवर्गीय बोले भाजपा कैडर बेस पार्टी है। यहां प्रत्याशी चयन को लेकर कोई टकराव नहीं।

बाहर नारेबाजी हुई

भाजपा कार्यालय में विजयवर्गीय पार्टी के भीतर कलह खत्म होने और असंतुष्टों को मना लेने की बात कर रहे थे। वहीं भाजपा ऑफिस के बाहर कार्यकर्ता और रहवासी प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे। वे यहां स्थानीय वार्डवासी को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग कर रहे थे। इसे देख भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने नाराजगी जताई और कहा कि नारेबाजी का ये तरीका ठीक नहीं।

कांग्रेस में विरोध और इस्तीफे

कांग्रेसियों ने भी विरोध जताए। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 के वार्ड 63 और 65 से दावेदारी जताने वाले लोकसभा पिछड़ा वर्ग कांग्रेस से जुड़े हिमांशु यादव ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी पद और सदस्यता से समर्थकों के साथ इस्तीफा दे दिया है। हिमांशु यादव ने खुले रूप से आरोप लगाया कि टिकट की बंदरबांट टिकट बेचकर की गई है। यादव ने यहां तक कहा कि हमने भाजपा को घेरने का काम किया और कांग्रेस नेताओं ने हमको घेर दिया। यादव ने कहा कि वे नामांकन दाखिल कर चुके हैं और चुनाव जरूर लड़ेंगे। क्योंकि, कार्यकर्ताओं को टिकट की जगह कई पैसे वालों को टिकट दिए गए। सेटिंगबाज नेताओं और उनके चमचों को पैसों के दम पर टिकट बेचे गए हैं। अब 6 जुलाई तक कांग्रेस नेताओं के पुतले जलाने की बात भी यादव ने कही। वहीं कांग्रेस नेता विजय कटियार ने कांग्रेस के सभी पद से और सदस्यता इस्तीफा दे दिया है और कहा कि इस समय कांग्रेस में धोक देने वाले भारी है।