
गर्मियों में आग पर हो जल्दी काबू, राज्य शासन ने नगरीय निकायों को 22 करोड़ रुपए किए आवंटित
भोपाल: प्रदेश में गर्मियों का मौसम शुरु हो गया है ऐसे में नगरीय क्षेत्रों में होने वाली अग्नि दुर्घटनाएं भी बढ़ गई है। इन अग्नि दुर्घटनाओं पर समय पर काबू पाने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने प्रदेश के नगरीय निकायों को 22 करोड़ 10 लाख 70 हजार रुपए का बजट आवंटित किया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में पंद्रहवे वित्त के अंतर्गत नगरीय निकायों में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए 16 करोड़ 67 लाख 70 हजार रुपए और 5 करोड़ 43 लाख रुपए की राशि दो अलग-अलग आदेशों के तहत आवंटित की गई है।
इस राशि से प्रदेश के बड़े नगर निगम, नगर पालिका और पगर परिषदों में अग्नि दुर्घटना के समय आग बुझाने वाले फायर उपकरण, दमकल गाड़ियां, अधिक ऊंची इमारतों तक पहुचने वाली सीढ़ियां, लंबे पाइप, नोजल के साथ और अन्य अग्निशमन उपकरण, अत्याधुनिक उपकरण जो बिजली, गैस और अन्य उपकरणों से लगी आग बुझाने में सफल हो उनकी खरीदी की जाएगी।
इसके साथ ही विभिन्न नगरीय निकायों में अग्निशमन अमले के प्रशिक्षण के लिए भी इंतजाम यहां किए जाएंगे। गर्मियों के मौसम में अग्निशमन उपकरणों की खरीदी और विस्तार के लिए बजट मिल जाने से नगरीय क्षेत्रों में आग से होने वाली दुघर्टनाओं पर समय पर काबू पाने में मदद मिल सकेगी। पहले अधिक आबादी वाले नगरीय निकायों में उपकरण खरीदे जाएंगे। इसके बाद उन निकायों में उपकरण, दमकल वाहन खरीदे जाएंगे जहां अब तक इनका इंतजाम नहीं है। बजट मिलने और उपकरणों की खरीदी हो जाने से गर्मियों के मौसम में होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं की संख्या कम होगी और जान-माल को होने वाले नुकसान में कमी आ सकेगी।





