
आज कांग्रेस की महाचौपाल का दिन है…
कौशल किशोर चतुर्वेदी
आज यानी 24 फरवरी 2026 को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल कांग्रेस की किसान महाचौपाल की साक्षी बनने जा रही है। शहर के मध्य अटल पथ पर कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और आमजन सभी की निगाहें राहुल गांधी पर ही रहेंगी। राहुल गांधी, ट्रंप और मोदी पर तंज कसने वाले हैं, तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव राहुल पर भ्रम फैलाने का आरोप लगा रहे हैं। हो कुछ भी, लेकिन आज का दिन कांग्रेस, राहुल और किसान चौपाल का दिन है, इस बात से कोई इंकार नहीं कर सकता है। कांग्रेस इस महापंचायत को राष्ट्रीय किसान अभियान की शुरुआत बता रही है। और मध्य प्रदेश से शुरू हुई यात्रा जम्मू-कश्मीर और राजस्थान होते हुए आगे बढ़ने वाली है।
वहीं राजधानी भोपाल में होने वाली किसान महाचौपाल से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील में किसानों के हितों की अनदेखी का मुद्दा उठाए जाने के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पलटवार करते हुए उनसे देश और आस्था के सवाल पर माफी मांगने को कहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों के नाम पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है, इसके लिए राहुल गांधी को महाकाल मंदिर में जाकर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने बीते वर्षों में कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं। उन्होंने सिंचाई विस्तार, टेक्सटाइल पार्क और फसल आधारित उद्योगों को किसान हित से जोड़ते हुए कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए।
कांग्रेस इस महापंचायत को राष्ट्रीय अभियान का प्रारंभ बता रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के अनुसार भोपाल से शुरू हो रही यह श्रृंखला महाराष्ट्र और राजस्थान सहित अन्य राज्यों में भी आयोजित होगी। कांग्रेस इसे किसानों के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा का आंदोलन बता रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में होने वाली इस सभा को पार्टी व्यापक जनसमर्थन का मंच बना रही है। ऐसे में महापंचायत से पहले दोनों दलों के बीच राजनीतिक और वैचारिक टकराव खुलकर सामने आ गया है।
जीतू पटवारी ने कहा कि यह महापंचायत देश की राजधानियों से शुरू होकर जिलों तक पहुंचेगी। कांग्रेस इसे किसानों की आय, एमएसपी की कानूनी गारंटी और कृषि लागत के मुद्दों से जोड़ रही है। पार्टी का दावा है कि लाखों किसान इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस नेतृत्व इसे राष्ट्रीय स्तर पर किसान संवाद का मंच बना रहा है। महाचौपाल के बाद बुधनी में किसान चौपाल होगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा से किसान पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी।
वैसे राहुल गांधी को मध्य प्रदेश पसंद है।राहुल गांधी 40 दिन में दूसरी बार मध्य प्रदेश पहुंच रहे हैं। 24 फरवरी को भोपाल में वे भारत–अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान सभा को संबोधित करेंगे, जिसे कांग्रेस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत बता रही है। जनवरी में राहुल गांधी ने इंदौर के भागीरथपुरा का दौरा किया था। उनके लगातार दौरों को 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीति से भी जोड़ा जा रहा है। हालांकि, 2028 अभी बहुत दूर है और तब के हालात इस महाचौपाल से मेल नहीं खाएंगे। पर यह बात सौ फीसदी सही है कि आज का दिन कांग्रेस की महाचौपाल का है और टीम राहुल इसके जरिए सीधे नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधने वाले हैं…।
लेखक के बारे में –
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।




