

Traffic Jam Situation : बायपास न होने से मनावर में रोज जाम के हालात, विधायक ने CM और राज्यपाल को पत्र लिखा!
मनावर से स्वप्निल शर्मा की रिपोर्ट
Manawar (Dhar) : यहां बायपास न होने से रोज लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है।नगर की बिगड़ी हुई यातायात व्यवस्था के खिलाफ विधायक डॉ हीरालाल अलावा ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया है।उन्होंने 26 अप्रैल को धरना देने की भी चेतावनी दी। विधायक ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उल्लेख किया कि इसके लिए राज्य सरकार की नीतियां जिम्मेदार है।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि इस संबंध में कई बार राज्यपाल से लेकर मध्य प्रदेश सरकार तक को अवगत कराने के बावजूद बायपास या रिंग रोड के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत नहीं की गई। न इस मांग की तरफ कोई ध्यान दिया जा रहा है। सीमेंट फैक्ट्री से निकलने वाले बड़े-बड़े ट्रालों और डंपरों के कारण नगर लगातार कई घंटों तक जाम की स्थिति में उलझ रहा है। शहर के बीच में से सीमेंट फैक्ट्री के माल से भरे ट्राले और भारी वाहन गुजरने से कई बार दुर्घटना में लोगों को अपने प्राण गंवाना पड़े हैं।
जाम लगने से कई बार गंभीर मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस भी इस जाम में फंसती है, जिससे उपचार के लिए जाने वाले मरीजों की असामयिक मौत भी हो सकती है। विधायक डॉ अलावा ने बताया कि इस शहर से चार स्टेट हाईवे भी गुजरते हैं। सीमेंट फैक्ट्री के कारण जहां औद्योगिक गतिविधियां बढ़ी है। वही जनसंख्या में वृद्धि भी हुई है। अनुसूचित क्षेत्रों के लिए विशेष फंड होने के बावजूद बायपास के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त की अध्यक्षता वाली सक्षम वित्तीय समिति द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति नहीं दी जा रही है। जबकि, बैठक में इसे विचाराधीन रखा गया है। विधायक ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि पांचवी अनुसूची में प्राप्त अपने अधिकारों का प्रयोग कर इस शहर के प्रस्तावित बाईपास को शीघ्र स्वीकृत किया जाए।