Tragic Accident in MP: विदिशा जिले में सड़क दुर्घटना में झालावाड़ के 4 श्रद्धालुओं की मौत,6 गंभीर घायल

47

Tragic Accident in MP: विदिशा जिले में सड़क दुर्घटना में झालावाड़ के 4 श्रद्धालुओं की मौत,6 गंभीर घायल

भोपाल: मध्य प्रदेश में विदिशा के लटेरी में बागेश्वर धाम से लौटते समय राजस्थान के झालावाड़ के रहने वाले 4 लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई और

6 लोग गंभीर घायल हैं। सभी को लटेरी अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी राजस्थान के झालावाड़ के रहने वाले हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की बात कही है।

 

पुलिस के मुताबिक, श्रद्धालु पिछले 12 दिनों में अलग-अलग धार्मिक स्थलों से दर्शन करके लौट रहे थे। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि ईको स्पोर्ट्स कार ट्रक के पीछे घुसी थी। हादसे में किशन लाल (60), विनोद कुमार माली (25, ड्राइवर), वरदीबाई पत्नी शंकरलाल लोधा (70) और राजुबाई भील पत्नी भगवान सिंह (48) की मौत हुई है। सभी झालावाड़ के रहने वाले हैं। दिनेश कुमार लोधा, दरयाब बाई, पानी बाई, कमलाबाई, गन्नीराम और अनिता बाई घायल हैं।

 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने X पर पोस्ट कर लिखा है कि विदिशा के लटेरी में बागेश्वर धाम से लौटते समय राजस्थान के झालावाड़ के रहने वाले 4 लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। गंभीर घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है। सीएम ने आगे लिखा है कि मैं बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। मध्यप्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है। पात्रता के अनुसार परिजनों को राज्य शासन द्वारा सहायता राशि दी जाएगी।

*कार में 11 लोग सवार थे* 

लटेरी थाना पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के झालावाड़ के रहने वाले श्रद्धालु वैष्णो देवी के दर्शन कर जम्मू से लौट रहे थे। रास्ते में बागेश्वर धाम में दर्शन के लिए रुके थे। विदिशा होते हुए झालावाड़ जा रहे थे। लटेरी में पेट्रोल पंप से ट्रक बाहर निकला। तभी तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। कार में सवार कुल 11 में से दो महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई। 5 महिला समेत 6 लोग गंभीर घायल हैं।

*लंबी यात्रा पर निकले थे श्रद्धालु* 

एक्सीडेंट इतना भीषण था कि कार बुरी तरह पिचक गई। शव और घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। 6 लोगों की हालत गंभीर है। सभी को लटेरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि कार में राशन का काफी सामान रखा था। जिससे लगता है कि कार सवार लंबी यात्रा पर निकले थे।