आदिवासी महिला अपने 2 बच्चों के साथ कुएं में कूदी, बच्चों की मौत!

बचाने के बाद महिला ने फिर दूसरे कुएं में छलांग लगा दी लेकिन फिर बचा लिया गया!

513

आदिवासी महिला अपने 2 बच्चों के साथ कुएं में कूदी, बच्चों की मौत!

बड़वानी : बड़वानी जिले में एक आदिवासी महिला अपने दो पुत्रों के साथ कुएं में कूद गई। उसे तो बाहर निकाल लिया गया लेकिन दोनों बच्चे मौत का ग्रास बन गये। इस घटना से दुखी होकर उसने फिर से दूसरे कुएं में छलांग लगा दी लेकिन उसे बचा लिया गया।

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा अनुविभाग क्षेत्र के पिपलिया डेब स्थित मायके आकर एक आदिवासी महिला अपने दोनों बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। महिला को तो सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन उसके दोनों पुत्रों की मृत्यु हो गई।

IMG 20250918 WA0043

सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के प्रभारी ओपी सिंह चोंगड़े ने बताया कि चाचारिया पुलिस चौकी क्षेत्र में कल हुई इस घटना में 26 वर्षीय निरमा बाई को कुएं से बाहर निकाल लिया गया । जबकि उसके दोनों पुत्र 7 वर्षीय अरविंद और 6 वर्षीय रवीन की डूब जाने के चलते मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि निरमा बाई की शादी वरला थाना क्षेत्र के मालवन निवासी विकास के साथ हुई थी और दंपति ग्राम कुसमी में एक किराना दुकान संचालित करते थे।

IMG 20250918 WA0040

उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व निरमा बाई अपनी बीमारी का हवाला देकर भाई राजेश के साथ मायके चले गई थी। महिला ने दोनों बच्चों के साथ जाकर कुएं में छलांग लगा दी थी , लेकिन पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार की सूचना पर महिला को बाहर निकाल लिया गया था। उसके यह बताए जाने पर कि उसने कुएं में बच्चों को भी फेंक दिया है, ग्रामीणों ने कूद कर उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे।

चचरिया पुलिस चौकी प्रभारी केशव यादव ने बताया कि महिला मरने के लिए इतनी उद्यत थी कि उसने कुएं से बाहर निकालने के बाद दूसरे कुएं में जाकर छलांग लगा दी। उसे किसी तरह बाहर निकाल कर परिवार वालों की सुरक्षा में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि घटना का स्पष्ट कारण फिलहाल नहीं पता चल सका है, लेकिन पारिवारिक विवाद होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, पति विकास व ससुराल पक्ष महिला को उसके बच्चों की मौत लिए दोषी ठहरा रहा है।

उन्होंने बताया कि चूंकि महिला स्वयं भी बच्चों के साथ मरना चाहती थी, इसलिए उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने के लिए विधि विशेषज्ञों की सलाह ली जा रही है।