आधे दर्जन से अधिक राज्यों में वांछित दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, 11 अवैध हथियार बरामद

32

आधे दर्जन से अधिक राज्यों में वांछित दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, 11 अवैध हथियार बरामद

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आधे दर्जन से अधिक राज्यों में वांछित दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा गुरुवार शाम बताया कि थाना गोगावां, सनावद और जैतापुर की संयुक्त टीम ने बुधवार को घेराबंदी कर गुरूनाम उर्फ हैप्पी (19) और हरपाल सिकलीगर (25) को ग्राम नलवा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बिना नंबर की मोटरसाइकिल से इंदौर की ओर जाने की तैयारी में थे।

IMG 20260605 WA0003

पुलिस के अनुसार गुरूनाम उर्फ हैप्पी पर मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और अन्य राज्यों में आर्म्स एक्ट के कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं। वह 55 हजार रुपये का इनामी आरोपी भी है। वहीं हरपाल के खिलाफ चोरी, जुआ और आर्म्स एक्ट सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय थे।

पूछताछ में आरोपियों ने अंजनगांव और सिगनुर के बीच सड़क किनारे पानी की टंकी के पीछे छिपाकर रखे हथियारों की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक थैले से 8 देशी पिस्टल और 3 देशी कट्टे बरामद किए।

यह गिरफ्तारी थाना गोगावां में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले की विवेचना के दौरान हुई। इसी मामले में पूर्व में हरियाणा निवासी रजत नामक आरोपी को 6 अवैध पिस्टल, 4 मैग्जीन, 10 जिंदा कारतूस तथा लगभग 25 लाख रुपये कीमत की हरियाणा पासिंग स्कॉर्पियो वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसी ने गुरूनाम और हरपाल के नाम उजागर किए थे।

पुलिस के मुताबिक इस पूरे प्रकरण में अब तक करीब 29 लाख रुपये मूल्य की अवैध सामग्री जब्त की जा चुकी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।