
नहाते समय केन नदी में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत, मंदिर दर्शन करने गई थीं दोनों
छतरपुर: रामनवमी पर महाराजपुर निवासी दो चचेरी बहनें अपने परिवार के साथ शुक्रवार को गोयरा स्थित विंधवासिनी माता के मंदिर दर्शन करने गई थीं। दर्शन करके लौटने के बाद युवतियों रामपुर पुल के पास केन नदी में नहाने चली गईं। इसी दौरान एक युवती का पैर फिसल गया और उसे बचाने के चक्कर में उसकी चचेरी बहन भी डूब गई। हादसे के बाद दोनों युवतियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रामनवमी के चलते महाराजपुर के टटम का कुशवाहा परिवार विंधवासिनी माता के दर्शन करने के लिए गया था। पूरा परिवार जब दर्शन कर लौट आया तो माया कुशवाहा और रोशनी कुशवाहा गोयरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर पुल के नीचे नहाने चली गईं। नहाते समय एक युवती का पैर फिसलने से वह नदी में डूबने लगी तो उसकी बहन ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसे बचाने के चक्कर में वह भी डूब गई। हादसे में दोनों बहनों की मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही दोनों युवतियों के शवों को नदी से निकाला गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसे बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ। पुलिस मामले में परिवार और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।





