
अवैध पिस्तौलों के साथ भिंड के 2 व्यक्ति गिरफ्तार, फैक्ट्री का भी पता चला
खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के गोगावा थाना क्षेत्र में पुलिस ने भिंड निवासी दो लोगों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अवैध रूप से हथियार बनाने की एक फैक्ट्री का पता किया गया है।
निमाड़ रेंज के DIG सिद्धार्थ बहुगुणा ने गुरुवार शाम बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गोगावा थाना क्षेत्र के अदलपुरा बीतनेरा रोड पर घेराबंदी कर दो लोगों को हिरासत में लिया। उनके पास से अवैध रूप से निर्मित 11 देसी पिस्तौल और तीन जिंदा राउंड मिले। उन्होंने बताया कि आरोपियों में एक भिंड के लहार जिले का कृष्णा कुशवाह है जबकि एक अन्य आरोपी नाबालिग है।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गोगावा थाना क्षेत्र के सिगनूर निवासी एक सिकलीगर से उक्त हथियार खरीदे हैं, और वह अपने क्षेत्र में अपराध के लिए इसका प्रयोग करने वाले थे।
खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने पत्रकारों को बताया कि कृष्णा के विरुद्ध भिंड जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सात गंभीर अपराध दर्ज हैं। उन्हें आज न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि गोगावा ,भीकनगांव और बिस्टान थाना क्षेत्र की संयुक्त पुलिस दल ने ग्राम सिगनूर में एक मकान पर दबिश देकर अवैध रूप से फायर आर्म्स बनाने की एक फैक्ट्री का पता लगाया है। वहां एक देशी पिस्तौल ,30 अधबने बैरल, भट्टी ,4 ग्राइंडर मशीन और 4 पिस्टल की अधबनी बॉडी और पिस्तौल बनाने के औजार मिले हैं। उन्होंने बताया कि मकान मालिक सिकलीगर तन मन सिंह और और उसका भाई कीर सिंह मौके से फरार हो गए।





