2 राज्यों से उठने लगी NDPS एक्ट के दुरुपयोग रोकने की मांग,MP से पूर्व विधायक ने उठाया मामला, राजस्थान के विधायक ने सदन में उठाई मांग

39

2 राज्यों से उठने लगी NDPS एक्ट के दुरुपयोग रोकने की मांग,MP से पूर्व विधायक ने उठाया मामला, राजस्थान के विधायक ने सदन में उठाई मांग

भोपाल: मध्य प्रदेश और राजस्थान में एनडीपीएस एक्ट के दुरुपयोग को रोकने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। इस संबंध में मध्य प्रदेश के एक पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, जबकि राजस्थान के विधायक ने सदन में यह मामला उठाया है। मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच के साथ ही राजस्थान के कोटा, झालावाड़, निंबाहेड़ा, चित्तौडगढ़ जिलों में इस एक्ट के दुरुपयोग के मामले ज्यादा सामने आते हैं।

राजस्थान के निम्बाहेड़ा के विधायक श्रीचंद कृपलानी ने पिछले दिनों वहां की विधानसभा में कहा कि यह एक्ट भले ही केंद्र सरकार ने बनाया हो, लेकिन राज्य सरकार और केंद्र सरकार को इस पर अब विचार करना चाहिए। एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 में एक व्यक्ति तस्करी करते हुए पकड़ाता है और वह 25 लोगों के झूठे नाम इसमें लिखवा देता है। तस्कर अपने दुश्मनों के नाम इसमें लिखवा देता है। इस पर केंद्र सरकार से बातचीत करना चाहिए।

वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने बताया है कि इस धारा के तहत निरापराध और निर्दोष लोगों को झूठे प्रकरण बनाकर बड़े लेन देने की घटनाएं समय-समय पर प्रकाश में आती है।

इस पत्र में उन्होंने लिखा है कि कानून का भय और कार्रवाई तस्करों और ऐसे मामलों में लिप्त रहने वाले अपराधियों पर होना चाहिए। तस्करी करने वालों के प्रति सहानुभूमि नहीं होना चाहिए, लेकिन इस एक्ट के प्रावधानों के तहत पूछताछ के नाम पर पकड़ाए गए तस्कर के द्वारा कथित रूप से एक से कई और नाम ले लिए जाते है, जबकि वे इसमें शामिल तक नहीं होते हैं। ऐसे लोगों पर झूठा प्रकरण बनाने की अनेक शिकायतें आती है।

ऐसी घटनाएं मंदसौर, नीमच के साथ ही राजस्थान के कोटा, झालावाड़, निंबाहेड़ा, चित्तौडगढ़ जिले में होती है। इन जिलों में अफीम की खेती होती है। उन्होंने भी मांग की है कि इस संबंध में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय से प्रदेश सरकार की ओर से पत्राचार हो और एक्ट पर पुनर्विचार एवं संशोधन करवाया जाए।