
सेज में फायरिंग करने वाले 2 छात्र सतना से पकड़ाए, तीसरे की तलाश में कोटा पहुंची पुलिस
भोपाल: सेज यूनिवर्सिटी के कैम्पस में रविवार रात में फायरिंग करने वाले दो आरोपी छात्रों को पुलिस की टीम ने सतना से पकड़ लिया। जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम राजस्थान के कोटा में पहुंच गई। जहां पुलिस उसके ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक- सनसिटी फेस-01 में यूनिवर्सिटी के छात्र और शिक्षक रहते हैं। ये सेज यूनिवर्सिटी का कैम्पस है। रविरात रात फ्लैट पर बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र अनिकेत शर्मा, ओम तिवारी और निजी कॉलेज के छात्र सुधांशु सिंह एक छात्रा के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। पार्टी के दौरान तेज शोर होने पर उसी बिल्डिंग में रहने वाले बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र अंशु तेज पाटिल और हरीश ने फ्लैट पर पहुंचकर शांत रहने को कहा विवाद हो गया। इससे गुस्सा होकर तीनों छात्रों ने अंशुत तेज पाटिल और वासु गुप्ता के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं आरोपी सुधांशु सिंह ने अपने पास देशी पिस्टल से फायर कर दिया और गोली दोनों छात्रों के लग गई थी। हालांकि अब दोनों छात्रों की हालत खतरे से बाहर है। आरोपी अनिकेत शर्मा और ओम तिवारी को पुलिस की टीम ने सतना से पकड़ लिया है, लेकिन अभी सुधांशु फरार है। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस कोटा में दबिश दे रही है। क्योंकि फायरिंग उसने की थी, इसलिए पकड़े गए आरोपियों से देशी पिस्टल बरामद नहीं हुई है। पुलिस का दावा है जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





