Breaking News: सलकनपुर देवी धाम का स्ट्रांग रूम भेदकर दो चोरों ने उड़ाए करीब 5 लाख रुपए

2001

*ब्रेकिंग न्यूज* *सलकनपुर देवी धाम का स्ट्रांग रूम भेदकर दो चोरों ने उड़ाए करीब 5 लाख रुपए*

*इटारसी से चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट*

नर्मदापुरम/इटारसी। जिला मुख्यालय के करीब, पर सीहोर जिले की सीमा में आने वाले, काफी ऊंचाई पर स्थित, सुविख्यात धार्मिक स्थल व शक्ति पीठ के रूप में पूज्यनीय सलकनपुर गांव में स्‍थित मां विजयासन देवी धाम में भी आज सुबह तड़के चोरों ने करीब 5 लाख की चोरी का दुःसाहस किया है। घटना सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात की बताई जा रही है। चोर मंदिर के स्ट्रांग रूम से नोटों से भरे बोरियां उठाकर ले गए हैं। यह घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

IMG 20221115 WA0047

सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने बताया कि आज मंगलवार की सुबह करीब सवा चार बजे मंदिर से फोन आया। मंदिर में व्यवस्थापक और पुजारी गण सुबह पूजा के लिए पहुंच जाते हैं। उन्होंने वहां देखा कि मंदिर के स्ट्रांगरूम रूम के बाहर नोटों की एक बोरी रखी है। जिसे देख कर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत मुझे फ़ोन किया। मैंने सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच की तो उन्हें सीसीटीवी में दो आदमी मंदिर के स्ट्रांग रूम से नोटों की चार बोरी ले जाते दिखे। जिसमें से एक बोरी वो शायद अधिक वजन नहीं उठा पाने के कारण स्ट्रांग रूम के बाहर ही छोड़ गए या ले जाना भूल गए। वहीं एक बोरी रोपवे के पास भी मिली है। महेश उपाध्याय ने बताया कि कितना कैश था, यह रिकॉर्ड में है, लेकिन फिलहाल यह बताना मुश्किल है कि चोर कितना पैसा ले गए। हम एक बोरी में दो से सवा दो लाख रुपये रखते हैं। यदि वो दो बोरी और कुछ और कैश ले गए हैं तो करीब चार से पांच लाख रुपये वो ले जा पाए हैं। वहीं स्ट्रांग रूम के बाहर कटे फटे नोट की बोरी भी हम रखते हैं। उसमें से भी कुछ बोरी कम है। हिसाब मिलाने पर सही आंकड़ा सामने आएगा।

IMG 20221115 WA0049

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस और प्रशासन के कई बड़े अधिकारी मंदिर परिसर में पहुंचे हैं। खबर लिखते लिखते ज्ञात हुआ है कि आई जी पुलिस व सीहोर जिले के एस पी भी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। ज्ञात रहे कि देश भर के लाखों भक्तों का पावन तीर्थ , यह देवी धाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आराध्य देवी के रूप में भी जाना जाता है,जिसके विकास में विगत 17 सालों में मुख्यमंत्री ने कई करोड़ के विकास कार्य कराकर इसे एक दर्शनीय पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित करने का हर संभव प्रयास किया है। साल में कई बार वे स्वयं सपरिवार नियमित रूप से आते रहते हैं। अतः यह घटना सीहोर पुलिस प्रशासन के लिए काफी संवेदनशील मानी जा रही है।